धौलपुर के सरमथुरा कस्बे में एक 5 साल बच्चे की पानी के टैंक में डूबने से मौत हो गई। यह घटना बच्चे के घर पर हुई, जिससे परिवार में गहरा दुख छा गया। मिली जानकारी के अनुसार, कस्बे के महाराज के ताल क्षेत्र निवासी विजेंद्र रजक का पुत्र राज अपने घर पर खेल रहा था। खेलते-खेलते वह अचानक मकान में बने पानी से भरे टैंक में गिर गया। जब काफी देर तक वह नजर नहीं आया, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। तलाश के दौरान बालक टैंक में डूबा हुआ मिला। परिजनों ने तुरंत उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर सरमथुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। इस घटना से परिवार में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने भी दुख व्यक्त किया है और छोटे बच्चों की सुरक्षा को लेकर सावधानी बरतने की अपील की है।


