कटनी के बरही थाना अंतर्गत ग्राम छिंदहाई पिपरिया में बुधवार को फाग महोत्सव के दौरान एक हादसा हो गया। फाग गीत गाते समय 60 साल का एक बुजुर्ग का संतुलन बिगड़ने से वे पास के कुएं में गिर गए। इस दुर्घटना में बुजुर्ग की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जिससे गांव में त्योहार का माहौल गमगीन हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम छिंदहाई पिपरिया में फाग होली के पारंपरिक गीत का आयोजन चल रहा था। ग्रामीण ढोल-मजीरों के साथ फाग गायन कर रहे थे। मृतक जनार्दन (60 वर्ष), पिता दशरथ कोल, भी इस समूह का हिस्सा थे। चश्मदीदों और परिजनों ने बताया कि फाग गाते समय जनार्दन का पैर फिसल गया या संतुलन बिगड़ने के कारण वे पास के कुएं में गिर गए। घटना के तुरंत बाद ग्रामीणों ने जनार्दन को कुएं से बाहर निकाला और तत्काल अस्पताल ले गए। मृतक की पत्नी कल्लू बाई ने बताया कि अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने स्वास्थ्य परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही बरही थाना पुलिस ने मामले को संज्ञान में लिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि प्राथमिक दृष्टया यह एक दुर्घटना प्रतीत होती है, फिर भी पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।


