बिजनौर के चांदपुर में पुरानी रंजिश को लेकर दो चचेरे भाइयों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। गंभीर रूप से घायल दोनों भाइयों को जिला मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है। यह घटना चांदपुर थाना क्षेत्र के मोहल्ला चिम्मन की है। पीड़ित अक्षय (28 वर्ष) पुत्र शिव चरण सिंह और मोहित सैनी (25 वर्ष) पुत्र हरीश चंद्र हैं। अक्षय के जीजा कीर्ति प्रसाद के अनुसार, एक दिन पहले किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। कीर्ति प्रसाद ने बताया कि बाद में जब अक्षय और मोहित कहीं जा रहे थे, तो दूसरे पक्ष के लोगों ने उन्हें अपने घर बुलाया। आरोप है कि दरवाजा बंद कर उनके साथ मारपीट की गई। परिवार को सूचना मिलने पर वे मौके पर पहुंचे। मारपीट में दोनों चचेरे भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें पहले चांदपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन गंभीर हालत के कारण जिला मेडिकल अस्पताल रेफर कर दिया गया। पीड़ित पक्ष ने पुलिस को तहरीर देकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


