एमपी में भीषण गर्मी, दो दर्जन से ज्यादा जिलों में 30 डिग्री के पार हुआ पारा

MP Temperature- मध्यप्रदेश में मौसम तेजी से बदला है। मार्च के शुरुआती दिनों में तेज गर्मी का अहसास होने लगा है, धूप चुभने लगी है। प्रदेश के पश्चिम और पूर्वी हिस्से विशेष रूप से तप रहे हैं। गर्मी का सबसे ज्यादा असर मालवा निमाड़ इलाकों में दिखाई दे रहा है। इंदौर और उज्जैन संभाग तप रहे हैं। हाल ये है कि प्रदेश के कई जिलों में दिन का अधिकतम तपमान 30 डिग्री सेल्सियस के ऊपर जा चुका है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार आने वाले कुछ ही दिनों में तापमान में खासी वृद्धि होने का अनुमान है। 6 मार्च को नए पश्चिमी विक्षोभ के एक्टिव होने की भी संभावना जताई गई है जिसका मौसम पर व्यापक प्रभाव पड़ेगा।

मध्यप्रदेश में मार्च में होली के आसपास तापमान में तेजी से बढ़ोत्तरी होती रही है। इस बार भी यही ट्रेंड दिखाई दिया है।
मंगलवार यानि मार्च की तीसरी तारीख को प्रदेश के दो दर्जन से ज्यादा जिलों में अधिकतम तापमान 30° सेल्सियश के पार पहुंच गया। राजधानी भोपाल से सटे नर्मदापुरम में अधिकतम तापमान 36.7°C रिकार्ड किया गया।

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार प्रदेश के भोपाल, ग्वालियर, उज्जैन, नर्मदापुरम, खंडवा, खरगोन, इंदौर, जबलपुर, शाजापुर, गुना, टीकमगढ़, दमोह, सागर, सतना, मंडला, छतरपुर, सिवनी, उमरिया, सीधी, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा और रायसेन सहित 25 जिलों में पारा 30 डिग्री के पार पहुंचा।

एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय

मौसम केंद्र, भोपाल की दैनिक रिपोर्ट के अनुसार अभी एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। एक ऊपरी चक्रवातीय परिसंचरण गुजरात क्षेत्र के ऊपर सक्रिय है। इनके प्रभाव के साथ ही पश्चिमी जेट स्ट्रीम हवाओं का भी प्रदेश के मौसम पर असर दिख रहा है। एक अन्य पश्चिमी विक्षोभ 6 मार्च से सक्रिय होगा जोकि प्रदेश के मौसम को प्रभावित करेगा। इसके असर से तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है। फिलहाल करीब 7 दिनों तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *