पीलीभीत जनपद के जहानाबाद थाना क्षेत्र में बरेली-पीलीभीत हाईवे पर एक सड़क हादसे में एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। मंगलवार और बुधवार की मध्य रात्रि एक अज्ञात वाहन ने पैदल जा रही 60 वर्षीय महिला को टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मृतका की पहचान जहानाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम बालपुर निवासी रामकली (लगभग 60 वर्ष) पत्नी दुर्गा प्रसाद के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, रामकली मानसिक रूप से अस्वस्थ थीं और अक्सर घर से बाहर निकल जाती थीं। यह घटना मंगलवार और बुधवार की दरम्यानी रात करीब 12:00 बजे ब्लॉक ललौरीखेड़ा के समीप हाईवे पर हुई। टक्कर इतनी भीषण थी कि महिला का शव लहूलुहान अवस्था में सड़क पर पड़ा मिला। स्थानीय लोगों और राहगीरों की सूचना पर जहानाबाद थाना अध्यक्ष प्रदीप बिश्नोई पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों की मदद से मृतका की शिनाख्त कराई। परिजनों को सूचित करने के बाद परिवार में शोक छा गया। थाना अध्यक्ष प्रदीप बिश्नोई ने बताया कि पुलिस ने विधिक कार्यवाही करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है। पुलिस हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से टक्कर मारकर भागे अज्ञात वाहन की तलाश कर रही है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही वाहन और चालक का पता लगाकर उचित कानूनी कार्यवाही की जाएगी।


