बेइंतहा इश्क और फिर जलती चिता: पत्नी की बेरुखी ने छीनी युवक की सांसें, होली के दिन टूटा एक घर

बेइंतहा इश्क और फिर जलती चिता: पत्नी की बेरुखी ने छीनी युवक की सांसें, होली के दिन टूटा एक घर

Man Suicide Over Wife Separation: रंगों के पर्व होली पर जहां एक ओर लोग खुशियां मना रहे थे, वहीं बिजनौर जनपद के स्योहारा क्षेत्र के एक गांव में मातम पसरा हुआ था। पत्नी से अलगाव के दर्द में डूबे 28 वर्षीय युवक ने अपने ही कमरे में खुद को आग लगाकर जीवन समाप्त कर लिया। इस दर्दनाक घटना ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है।

ढाई साल से अलग रह रही थी पत्नी

ग्रामीणों के अनुसार युवक की पत्नी पिछले लगभग ढाई वर्षों से उससे अलग रह रही थी। दांपत्य जीवन में चल रहे विवाद के कारण वह चंडीगढ़ की एक फैक्टरी में नौकरी कर रही थी और वहीं रहने लगी थी। युवक कई बार उसे मनाने का प्रयास करता रहा। करीब छह माह पहले वह स्वयं चंडीगढ़ गया था, लेकिन पत्नी ने उसके साथ लौटने से साफ इंकार कर दिया। इस अस्वीकृति ने युवक को भीतर तक तोड़ दिया।

मानसिक तनाव और बढ़ता अवसाद

पत्नी के अलग रहने के बाद से युवक गहरे मानसिक तनाव में था। ग्रामीण बताते हैं कि वह अक्सर गुमसुम रहता था और लोगों से कम बातचीत करता था। परिवार वालों ने भी कई बार उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह पत्नी और बेटी को याद कर बेहद भावुक हो जाता था। उसकी तीन साल की मासूम पुत्री अपनी मां के साथ रह रही है, जिससे मिल पाने की पीड़ा भी उसे अंदर ही अंदर कचोटती थी।

शराब पीने के बाद उठाया खौफनाक कदम

घटना वाले दिन युवक ने शराब का सेवन किया था। इसके बाद वह अपने कमरे में गया और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। कुछ देर बाद कमरे से धुआं उठता देख परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। जब दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंचे तो देखा कि युवक आग की लपटों में घिरा हुआ था। परिजनों ने किसी तरह आग बुझाई और उसे बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

पुलिस को सूचना दिए बिना हुआ अंतिम संस्कार

घटना के बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना ही युवक का अंतिम संस्कार कर दिया। ग्रामीणों के बीच इस बात को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। हालांकि आधिकारिक तौर पर पुलिस तक मामला नहीं पहुंचा, लेकिन गांव में इस घटना को लेकर शोक और हैरानी का माहौल है।

पांच साल पुरानी शादी, अब उजड़ गया परिवार

ग्रामीणों ने बताया कि युवक की शादी करीब पांच वर्ष पूर्व हुई थी। शुरुआती समय में सब कुछ सामान्य था, लेकिन बाद में विवाद बढ़ते चले गए और अंततः पत्नी अलग रहने लगी। होली जैसे खुशियों के त्योहार पर हुई इस घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है। एक मासूम बच्ची के सिर से पिता का साया उठ गया और एक परिवार हमेशा के लिए बिखर गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *