रामपुर के थाना भोट क्षेत्र के बाजिदपुर गांव में होलिका दहन को लेकर हुए विवाद के बाद पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में ले लिया है। अपर पुलिस अधीक्षक अनुराग सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि होलिका को पूर्व निर्धारित समय से पहले जलाने की बात सामने आई थी, जिसके बाद दो समुदायों के बीच कहासुनी और हंगामा हो गया। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और हालात को शांत कराया। जांच के दौरान जिस व्यक्ति पर होलिका को पहले जलाने का आरोप लगा, उसे एहतियातन पुलिस हिरासत में ले लिया गया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस प्रशासन की देखरेख में गांव में नई होलिका तैयार करा दी गई है। निर्णय लिया गया है कि परंपरा और आपसी सहमति के अनुसार होलिका दहन सुबह शांतिपूर्ण ढंग से कराया जाएगा।
अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गांव में फिलहाल पूरी तरह शांति व्यवस्था कायम है। किसी भी अप्रिय घटना से बचाव के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और संवेदनशील स्थानों पर निगरानी रखी जा रही है। प्रशासन ने दोनों पक्षों से संवाद स्थापित कर आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की है। अधिकारियों ने जनता से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने का आग्रह किया है।


