जालौन के उरई कोतवाली क्षेत्र में पड़ोसियों के बीच मामूली कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया। पीली कोठी के पास सड़क पर महिलाओं और पुरुषों के बीच जमकर मारपीट हुई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दो पड़ोसी परिवारों के बीच किसी छोटी सी बात को लेकर पहले तीखी नोकझोंक हुई। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों के लोग घरों से बाहर निकल आए और गाली-गलौज के साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान महिलाओं ने भी एक-दूसरे पर हाथ उठाए, जिससे स्थिति और अधिक तनावपूर्ण हो गई। घटना के दौरान आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव का प्रयास किया, लेकिन माहौल गर्म होने के कारण वे सफल नहीं हो सके। इसी बीच, किसी व्यक्ति ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय पुलिस हरकत में आई। उरई कोतवाली पुलिस ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। पुलिस विवाद के कारण और मारपीट में शामिल लोगों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। संबंधित पक्षों से पूछताछ के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


