दिव्यांगता अधिकारों पर राष्ट्रीय कॉन्क्लेव संपन्न

दिव्यांगता अधिकारों पर राष्ट्रीय कॉन्क्लेव संपन्न

‘पर्पल रनवे ऑफ ड्रीम्स’ ने बिखेरी समावेशन की चमक

जयपुर. शिक्षा एवं दिव्यांगता अधिकारों पर दो दिवसीय राष्ट्रीय कॉन्क्लेव ‘पर्पल रनवे ऑफ ड्रीम्स’ का आयोजन किया गया। सम्मेलन में देशभर से 300 से अधिक दिव्यांगजन, शिक्षक, नवाचारक, नीति-निर्माता और एनजीओ प्रतिनिधि शामिल हुए। कार्यक्रम को सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग, सैवलॉन स्वस्थ मिशन, AU Bank और Bank of Baroda सहित कई संस्थाओं का सहयोग मिला। उड़ान एम्पावरमेंट ट्रस्ट और रेडियो उड़ान के तत्वावधान में 28 फरवरी और 1 मार्च 2026 को आयोजित इस सम्मेलन का मुख्य आकर्षण ‘फैशन शो 2.0 – पर्पल रनवे ऑफ ड्रीम्स’ रहा, जिसका उद्देश्य मुख्यधारा के फैशन और मीडिया में दिव्यांगजनों के आत्मविश्वास और प्रतिनिधित्व को बढ़ावा देना था। ‘करवट’ नामक नाटक के माध्यम से कॉर्पोरेट रोजगार में आने वाली चुनौतियों और समावेशी कार्यस्थलों की आवश्यकता को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया। नवाचारकों ने सहायक तकनीकों और समावेशी समाधानों का प्रदर्शन किया, वहीं विशेषज्ञों ने नीतिगत सुधारों और जमीनी चुनौतियों पर चर्चा की। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और समावेशी गेम शो ने माहौल को प्रेरणादायक बनाया।
जूरी पैनल में फिल्म निर्माता मधुरिता आनंद, सरोज वर्मा (पूर्व मिस चेन्नई) और रश्मि पारीक (आईआईसीडी, जयपुर) शामिल रहीं। विशेष अतिथि के रूप में सामाजिक न्याय मंत्रालय की अतिरिक्त सचिव मनमीत नंदा उपस्थित रहीं। ओडिशा की राज्य दिव्यांगता आयुक्त ब्रतती हरिचंदन, पूर्व विधायक रामलाल शर्मा, उप मुख्य आयुक्त प्रवीण प्रकाश अम्बष्टा और एयू बैंक के पीयूष बर्डिया ने भी संबोधित किया।
फैशन शो में पूर्ण दृष्टिबाधित पुरुष वर्ग में खान हैरिश विजेता और निबिन मैथ्यू उपविजेता रहे। महिला वर्ग में मानसी चौधरी विजेता और मेघा पतंगी उपविजेता रहीं। लो विजन पुरुष वर्ग में अहमद शेख तथा महिला वर्ग में गुलशन विजेता घोषित हुईं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *