सीतापुर में गैस रिसाव से घर में लगी आग:होली के पकवान बनाते समय हादसा, बाल-बाल बचा परिवार

सीतापुर में गैस रिसाव से घर में लगी आग:होली के पकवान बनाते समय हादसा, बाल-बाल बचा परिवार

सीतापुर में शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला होली नगर में मंगलवार दोपहर को होली के पकवान बनाते समय एक मकान की दूसरी मंजिल पर अचानक आग लग गई। आशंका जताई जा रही है कि गैस सिलेंडर से रिसाव के दौरान यह हादसा हुआ। घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए। जानकारी के अनुसार गृहस्वामी मोहित जायसवाल के घर की दूसरी मंजिल पर रसोई में पकवान बनाते समय अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते लपटें तेज हो गईं और घर के अंदर रखा सामान आग की चपेट में आ गया। आग लगने के दौरान घर में मौजूद लोगों ने साहस दिखाते हुए बाल्टियों से पानी डालकर और अन्य संसाधनों की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन आग तेजी से फैलती रही। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया। समय रहते आग पर काबू पा लेने से बड़ा हादसा टल गया, हालांकि घरेलू सामान को काफी नुकसान पहुंचा है। आग से फर्नीचर, कपड़े और अन्य उपयोगी वस्तुएं जलकर नष्ट हो गईं। घटना की जानकारी मिलते ही शहर कोतवाली प्रभारी अनूप शुक्ला, यातायात प्रभारी फरीद अहमद सहित पुलिस बल भी मौके पर पहुंचा और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने आसपास के लोगों को सुरक्षित दूरी बनाए रखने की हिदायत दी। प्राथमिक जांच में गैस सिलेंडर से रिसाव की आशंका जताई जा रही है। अधिकारियों ने लोगों से रसोई गैस का उपयोग करते समय सतर्कता बरतने और किसी भी प्रकार की गंध या रिसाव महसूस होने पर तुरंत संबंधित विभाग को सूचना देने की अपील की है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *