मैनपुरी पुलिस लाइन में होली पर्व से पूर्व होलिका दहन का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद साहा ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर होलिका दहन किया। उन्होंने इस अवसर पर सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और पुलिस परिवार के सदस्यों को होली की शुभकामनाएं दीं। सोमवार रात पुलिस लाइन परिसर में अधिकारी और कर्मचारी अपने परिवारों के साथ एकत्र हुए। वैदिक मंत्रोच्चार के साथ होलिका में अग्नि प्रज्वलित की गई। अग्नि जलने के बाद ‘होलिका माता की जय’ के जयकारों से पूरा परिसर गूंज उठा। इसके पश्चात सभी ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर पर्व की शुरुआत की। इस अवसर पर एसपी सिटी अरुण कुमार और एसपी ग्रामीण राहुल मिठास सहित कई अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। कार्यक्रम का माहौल उत्साहपूर्ण और अनुशासित रहा। देखें 3 तस्वीरें… होलिका दहन के बाद अपने संबोधन में एसपी गणेश प्रसाद साहा ने कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि आपसी मतभेद भुलाकर नई शुरुआत का अवसर है। उन्होंने जोर दिया कि जब पूरा जनपद त्योहार की खुशियों में डूबा होता है, तब पुलिस की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है। एसपी ने कहा कि उनकी प्राथमिकता है कि किसी भी नागरिक की खुशी में कोई बाधा न आए। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से होली के दौरान सतर्कता, संवेदनशीलता और संयम के साथ ड्यूटी निभाने की अपील की। साथ ही, आमजन से भी शांति, सौहार्द और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग का आग्रह किया।एसपी ने सभी के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि पुलिस परिवार एक टीम के रूप में कार्य करता है और त्योहारों के अवसर पर भी सेवा भावना सर्वोपरि रहती है।


