Kota: NEET-UG 2026 आवेदन की आखिरी तारीख नजदीक, अभ्यर्थियों के लिए जरूरी अपडेट

Kota: NEET-UG 2026 आवेदन की आखिरी तारीख नजदीक, अभ्यर्थियों के लिए जरूरी अपडेट

MBBS Admission 2026: कोटा। एनटीए ने नीट यूजी 2026 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश जारी किए हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 8 मार्च निर्धारित की गई है। ऐसे में अभ्यर्थियों को समय रहते आवेदन करने की सलाह दी गई है। देशभर के 824 मेडिकल संस्थानों में उपलब्ध 1 लाख 29 हजार 603 एमबीबीएस सीटों के साथ-साथ बीडीएस और आयुष पाठ्यक्रमों में प्रवेश भी नीट-यूजी 2026 के माध्यम से ही होगा।

वर्ष 2025 की तुलना में इस बार एमबीबीएस सीटों में लगभग 15 हजार की वृद्धि दर्ज की गई है। सीटों में बढ़ोतरी से इस वर्ष परीक्षा में शामिल होने जा रहे 24 लाख से अधिक संभावित परीक्षार्थियों में उत्साह देखा जा रहा है। एजुकेशन एक्सपर्ट देव शर्मा के अनुसार, यदि औसत आवेदन शुल्क 1500 रुपए भी माना जाए तो 24 लाख अभ्यर्थियों से एनटीए को लगभग 360 करोड़ रुपए की आय होने का अनुमान है।

नीट-यूजी 2026 का निर्धारित शेड्यूल

शर्मा ने बताया कि इस वर्ष जारी कार्यक्रम में कुछ महत्वपूर्ण तिथियां फिलहाल घोषित नहीं की गई हैं। वर्ष 2025 में परीक्षा शहर, प्रवेश पत्र और परिणाम तिथियों की जानकारी पहले ही दे दी गई थी। जबकि इस बार इनकी घोषणा अभी शेष है।

शेड्यूल इस प्रकार है

  • ऑनलाइन आवेदन : 8 मार्च तक
  • त्रुटि सुधार विंडो : 10 से 12 मार्च
  • परीक्षा तिथि : 3 मई
  • ऑनलाइन आवेदन शुल्क
  • सामान्य वर्ग : 1700
  • ईडब्ल्यूएस/ओबीसी-एनसीएल: 1600
  • SC/ST एवं थर्ड जेंडर: 1000

परीक्षा पैटर्न और शुल्क में कोई बदलाव नहीं

सूचना पुस्तिका के अनुसार आवेदन शुल्क, परीक्षा पैटर्न, अंकन योजना, क्वालीफाइंग क्राइटेरिया तथा टाई-ब्रेकिंग नियमों में इस वर्ष कोई परिवर्तन नहीं किया गया है। एनटीए ने अभ्यर्थियों को अंतिम तिथि का इंतजार न करने और समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूर्ण करने की सलाह दी है, ताकि तकनीकी दिक्कतों से बचा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *