होलिका दहन:श्रद्धालुओं ने पवित्र अग्नि की परिक्रमा करके बुराई पर अच्छाई की जीत का संकल्प लिया

भास्कर न्यूज | लुधियाना शहर में सोमवार को रंगों के पर्व होली की पूर्व संध्या पर होलिका दहन अटूट श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। विभिन्न मंदिरों और गौशालाओं में शुभ मुहूर्त के अनुसार पवित्र अग्नि प्रज्वलित की गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने आहुतियां अर्पित कीं। भक्तों ने अग्नि की परिक्रमा कर भक्त प्रह्लाद की रक्षा और बुराई पर अच्छाई की जीत का संकल्प लिया। होलिका दहन का मुख्य आकर्षण शांतिवन गौशाला स्थित शिव मंदिर रहा। यहां शाम 6 बजे विधि-विधान के साथ पूजन कर दहन किया गया। इस मौके पर स्वामी अरुण अत्री, पं. गंगाधर व अन्य मौजूद रहे। पाहवा धर्मशाला मंदिर। दूसरी ओर वृंदावन रोड स्थित शिव शक्ति मंदिर में पंडित चिंटू शास्त्री की अध्यक्षता में श्रद्धालुओं ने नई फसल गेहूं की बालियां और चने अर्पित कर ईश्वर का आभार जताया। पाहवा धर्मशाला मंदिर सहित शहर के अन्य हिस्सों में भी उत्सव का माहौल रहा। श्रद्धालुओं ने कपूर, घी, काले तिल और सूखे नारियल की आहुति दी। डॉ. राजेश अरोड़ा के अनुसार इस परंपरा का वैज्ञानिक महत्व भी है बदलते मौसम में कपूर और जड़ी-बूटियों के जलने से वातावरण शुद्ध होता है और हानिकारक कीटाणुओं का नाश होता है। दहन के बाद लोगों ने एक-दूसरे को तिलक लगाया और मंगल कामना की।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *