वाराणसी: पुलिस ने काशी हिंदू विश्वविद्यालय में छात्र और उसके दोस्त पर फायरिंग करने के मामले में 5 आरोपियों के ऊपर 25-25 हजार रुपए का इनाम घोषित किया है। घटना के बाद विश्वविद्यालय का माहौल तनावपूर्ण हो गया था। इस दौरान मौके से चार खाली कारतूस भी बरामद हुए थे।
दर्ज है नामजद एफआईआर
काशी हिंदू विश्वविद्यालय के छात्र रोशन मिश्रा और उसके साथी पर 21 फरवरी की रात फायरिंग करने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस ने मामले में फरार पांच लोगों के ऊपर 25-25 हजार रुपए का इनाम घोषित किया है। घटना के बाद पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर लंका थाने में नामजद लोगों के ऊपर एफआईआर दर्ज की थी।
इनके ऊपर घोषित हुआ इनाम
पुलिस ने तापस राय, अभिषेक उपाध्याय, पीयूष कुमार तिवारी, ऋषभ राय और क्षितिज उपाध्याय के ऊपर या इनाम घोषित किया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए इस मामले का संज्ञान पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने लिया था। बताया जा रहा है कि फायरिंग करने का आरोप दो पूर्व छात्रों और वर्तमान के तीन छात्रों के ऊपर लगा था। वहीं, विश्वविद्यालय प्रशासन ने भी कहा है कि आरोपी छात्रों को डिबार किया जाएगा।
क्या थी घटना
पीड़ित रोशन मिश्रा के मुताबिक, वह 21 फरवरी की रात खाना खाने के बाद बिरला-ए हॉस्टल के बाहर अपने दोस्त के साथ टहल रहा था। इसी दौरान एक बाइक पर सवार होकर तीन लोग आए और उसके ऊपर फायरिंग की। फायरिंग की घटना के बाद वह जान बचाने के लिए हॉस्टल की तरफ भागा, जबकि बाइक सवार मौके का फायदा उठाकर वहां से भागने में सफल रहे। घटना के बाद गुस्साए बिरला-ए छात्रावास के छात्रों ने परिसर में जमकर हंगामा किया था।


