शहर में यातायात व्यवस्था को बेहतर, सुचारु, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने हफ्तेभर से ‘नो पार्किंग’ नाम से अभियान चला रखा है। इसके तहत चारों जोन में विशेष पेट्रोलिंग टीमें लगातार कार्रवाई कर रही हैं। टीमों ने शहर की प्रमुख सड़कों पर 8 दिन में कार्रवाई करते हुए 1312 वाहनों के चालान बनाए व 10 हजार गाड़ियां हटाईं। इससे सड़कें चौड़ी दिखने लगी हैं। प्रभारी डीसीपी राजेश त्रिपाठी ने बताया कि 8 दिन से हमारा फोकस शहर की सड़कों से अतिक्रमण व नो पार्किंग में खड़े वाहनों को हटाने पर है। यातायात जोन-1: कालानी नगर, एयरपोर्ट रोड, बड़ा गणपति से गौराकुंड, इमली बाजार, अंतिम चौराहा, मरीमाता से बाणगंगा तक।
यातायात जोन-2: मालवा मिल से पाटनीपुरा, भमोरी, एलआईजी, रसोमा, मेदांता रोड, विजयनगर क्षेत्र।
यातायात जोन-3: जेल रोड, एमटीएच, आरएनटी मार्ग, एमजी रोड, व्हाइट चर्च से दवा बाजार, मधुमिलन, जंजीरावाला, पलासिया से व्हाइट चर्च, घंटाघर से गीताभवन सड़क के दोनों ओर।
यातायात जोन-4: सपना संगीता, टॉवर चौराहा से खातीवाला टैंक, सिंधी कॉलोनी, राजबाड़ा क्षेत्र, जवाहर मार्ग, खजूरी बाजार, सराफा क्षेत्र, भंवरकुआं से भोलाराम उस्ताद मार्ग। अवैध पार्किंग पर भी सख्ती
अफसरों का कहना है हमारा उद्देश्य व्यस्त मार्गों, प्रमुख बाजारों और यातायात दबाव वाले स्थानों पर अवैध और अव्यवस्थित पार्किंग पर नियंत्रण कर यातायात को सुगम बनाना है। इस अभियान में हमारी टीमों द्वारा पहले वाहन चालकों को समझाइश और चेतावनी दी जाती है, उसके बाद भी उल्लंघन करने वालों पर व्हील लॉक और क्रेन से कार्रवाई की जाती है। इस दौरान यातायात अधिकारी व्यापारियों और रहवासियों के साथ लगातार बैठकें कर नागरिकों से निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करने की अपील की जा रही है।


