वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर एक विदेशी यात्री के पास से लगातार दूसरे दिन रविवार को भी प्रतिबंधित सैटेलाइट फोन बरामद किया गया। शनिवार को स्विट्जरलैंड के नागरिक के बाद रविवार को लगातार एक रूसी पर्यटक के पास से सैटेलाइट फोन बरामद किया गया। इस घटना से हड़कंप मच गया और सीआईएसएफ ने यात्री को पकड़ लिया और यात्रा से रोक लिया गया। स्कैनिंग के दौरान पकड़ा गया रूसी नागरिक अधिकारियों के अनुसार, रूस निवासी यात्री तमिस्त्री लूकीन अपने 15 सदस्यीय दल के साथ इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट संख्या 6E-6227 से वाराणसी से हैदराबाद जाने के लिए एयरपोर्ट पहुंचा था। फ्लाइट दोपहर 2:45 बजे वाराणसी एयरपोर्ट से हैदराबाद के लिए उड़ान भरने वाली थी। ऐसे में एयरपोर्ट के मुख्य टर्मिनल भवन में सुरक्षा जांच की जा रही थी। जांच के दौरान जब लूकीन के बैग की स्कैनिंग की गई तो सीआईएसएफ जवानों को उसमें एक संदिग्ध वस्तु दिखाई दी। बैग खोलकर तलाशी लेने पर उसके भीतर से सैटेलाइट फोन बरामद हुआ। भारत में बिना पूर्व अनुमति के सैटेलाइट फोन रखना और इस्तेमाल करना गैरकानूनी है, जिसके चलते यात्री को तत्काल रोक लिया गया। 14 सदस्य रवाना, रूसी नागरिक का भारतीय मित्र भी रुका सैटेलाइट फोन मिलने के बाद लूकीन के दल के अन्य 14 सदस्य तो हैदराबाद के लिए रवाना हो गए, लेकिन उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर निवासी उसका मित्र सुजीत राणा उसके साथ ही रुक गया। सूचना मिलने पर फूलपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को बाबतपुर पुलिस चौकी ले जाया गया। वहां इंटेलिजेंस ब्यूरो और लोकल इंटेलिजेंस यूनिट समेत अन्य सुरक्षा एजेंसियों के अधिकारियों ने उनसे पूछताछ शुरू कर दी। एजेंसियों के क्लीयरेंस का इंतजार इस बारे में फूलपुर इंस्पेक्टर अतुल कुमार सिंह ने बताया कि पकड़े गए विदेशी यात्री से पूछताछ की जा रही है। पता किया जा रहा है कि सैटेलाइट फोन का इस्तेमाल भारत में भ्रमण के दौरान कहीं किया है या नहीं। साथ ही उसके पासपोर्ट, वीजा और यात्रा के रूट मैप की भी पड़ताल की जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि सुरक्षा एजेंसियों से क्लीयरेंस रिपोर्ट मिलने के बाद ही यह तय होगा कि यात्री के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी या चेतावनी देते हुए सैटेलाइट फोन जब्त कर उसे छोड़ दिया जाएगा।


