गोरखपुर के पुर्दिलपुर नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को सिटी पॉलीक्लिनिक के रूप में विकसित किया जा रहा है। होली के बाद यहां विशेषज्ञ OPD शुरू करने की तैयारी है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेश झा ने रविवार को केंद्र पहुंचकर भवन, कक्षों और अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया तथा संचालन से जुड़ी तैयारियों की समीक्षा की। सिटी पॉलीक्लिनिक संचालन को ध्यान में रखते हुए पुर्दिलपुर स्वास्थ्य केंद्र को बड़े भवन में शिफ्ट किया गया है। CMO ने अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर सभी व्यवस्थाएं पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं। इसके शुरू होने के बाद शहर में दो सिटी पॉलीक्लिनिक क्रियाशील हो जाएंगे। तीन पॉलीक्लिनिक का लक्ष्य, एक पहले से संचालित स्वास्थ्य विभाग की योजना के तहत शहर में कुल तीन सिटी पॉलीक्लिनिक निजी क्षेत्र के विशेषज्ञ डॉक्टरों की मदद से संचालित किए जाने हैं। पहला सिटी पॉलीक्लिनिक बसंतपुर में पहले से संचालित है। पुर्दिलपुर में होली के बाद सेवाएं शुरू करने की तैयारी है। विशेषज्ञ डॉक्टरों का पैनल तैयार किया जा रहा है। पुर्दिलपुर पॉलीक्लिनिक में स्त्री एवं प्रसूति रोग, बाल रोग, मेडिसिन, ईएनटी और नेत्र रोग विशेषज्ञ सेवाएं देंगे। डॉक्टरों को पांच हजार रुपये प्रतिदिन की दर से भुगतान किया जाएगा। टेलीकंसल्टेशन के माध्यम से भी मरीजों को परामर्श देना अनिवार्य होगा। डॉक्टरों की तैनाती आवश्यकता के अनुसार की जाएगी। सुबह 9 से शाम 4 बजे तक OPD पॉलीक्लिनिक की OPD सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक संचालित होगी। यहां डिजिटल पर्चे जारी किए जाएंगे और आवश्यकता पड़ने पर ऑनलाइन रेफरल की व्यवस्था भी रहेगी। ब्लड सैम्पल ट्रांसपोर्ट व्यवस्था को भी मजबूत किया जा रहा है। नए पॉलीक्लिनिक के संचालन से शहर के लोगों को विशेषज्ञ परामर्श के लिए जिला अस्पताल और बीआरडी मेडिकल कॉलेज की भीड़ का सामना कम करना पड़ेगा। स्वास्थ्य विभाग का दावा है कि इससे नगरीय क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाएं और सुलभ होंगी।


