शाजापुर के कोतवाली थाना क्षेत्र में एक महिला ने अपने पड़ोसी पर अभद्र व्यवहार और छेड़छाड़ का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। महिला ने रविवार को थाने पहुंचकर रिपोर्ट लिखवाई है। पीड़ित महिला ने पुलिस को बताया कि यह घटना 27 फरवरी को दोपहर करीब 2:30 बजे हुई। उस समय वह अपने घर के आंगन में कपड़े धो रही थी। तभी पड़ोसी मनोज, पिता रामप्रसाद डोर, अपनी छत पर खड़े होकर उसे देखकर अशोभनीय गाने गाने लगा। महिला ने पहले इस पर ध्यान नहीं दिया और कपड़े सुखाने छत पर चली गई। आरोप है कि आरोपी ने वहां भी अश्लील हरकतें कीं, जिससे महिला शर्मिंदा होकर नीचे आ गई। बाद में आरोपी ने उस पर आपत्तिजनक टिप्पणी भी की। महिला के शोर मचाने पर मोहल्ले के दो लोग मौके पर पहुंचे और आरोपी को समझाया, जिसके बाद वह अपने घर चला गया। रात में महिला ने अपने पति को घटना के बारे में बताया। इसके बाद अगले दिन उसने थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।


