मुफस्सिल थाना क्षेत्र में प्रतिबंधित लॉटरी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 466 पीस लॉटरी टिकट के साथ एक विक्रेता को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान सैजुल शेख के रूप में हुई है, जिसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस को लगातार सूचना मिल रही थी कि क्षेत्र में राज्य सरकार द्वारा प्रतिबंधित लॉटरी की बिक्री धड़ल्ले से हो रही है। शिकायतों के आलोक में एसपी निधि द्विवेदी के निर्देश पर एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। टीम में थाना प्रभारी गौरव कुमार, सहायक अवर निरीक्षक सुदामा साह, आरक्षी रासबिहारी यादव और लखीराम सोरेन शामिल थे। अंजना गांव के अमजेद मोड़ से धराया आरोपी एसपी के निर्देश पर थाना प्रभारी ने गुप्त रूप से जानकारी जुटाई। सूचना मिली कि अंजना गांव स्थित अमजेद मोड़ पर सैजुल शेख अपनी पान गुमटी से प्रतिबंधित लॉटरी बेच रहा है। इसके बाद पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी की। पुलिस को देखते ही आरोपी भागने लगा, लेकिन टीम ने खदेड़कर उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके जैकेट से विभिन्न कंपनियों के कुल 466 पीस प्रतिबंधित लॉटरी टिकट बरामद किए गए। मामले में थाना कांड संख्या 23/2026 दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है। लॉटरी माफिया पर सख्ती, आम लोगों ने जताया संतोष गौरतलब है कि राज्य में लॉटरी पर पूर्ण प्रतिबंध है, बावजूद इसके जिले में अवैध बिक्री जारी थी। जानकारी के अनुसार कुछ लॉटरी माफिया सुनियोजित तरीके से बच्चों और महिलाओं के माध्यम से भी एटीएम लॉटरी बिकवा रहे थे। नगर और ग्रामीण क्षेत्रों में खुलेआम हो रही बिक्री को लेकर लोगों में आक्रोश था। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद आम नागरिकों ने राहत और संतोष व्यक्त किया है। एसपी निधि द्विवेदी ने स्पष्ट कहा है कि प्रतिबंधित लॉटरी के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और आगे भी अभियान जारी रहेगा।


