कोटा के 70 एमएलडी वाटर प्लांट सकतपुरा में ठेकेदार के कर्मचारियों ने वेतन भुगतान और श्रमिक सुविधाओं को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। कर्मचारियों का कहना है कि वे पिछले दो वर्षों से संस्था में कार्यरत हैं, लेकिन अब तक उनके पी.एफ. और ई.एस.आई.सी. की कोई कटौती शुरू नहीं की गई है। इतना ही नहीं, अक्टूबर 2025 से अब तक उनका वेतन भी बकाया है। देवी सिंह ने बताया कि 3 फरवरी 2026 को एक लिखित सूचना पत्र निजी संस्था के एचआर अधिकारी तथा संबंधित सरकारी विभाग के अधिशाषी अभियंता को सौंपा गया था, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि फरवरी माह के अंत तक बकाया वेतन का भुगतान नहीं किया गया तो वे सामूहिक रूप से कार्य का बहिष्कार करेंगे। आज 1 मार्च हो गया अभी तक भी वेतन का भुगतान नहीं किया गया। कर्मचारियों ने कहा कि वे इस मामले की सूचना जिला कलेक्टर एवं श्रम विभाग को भी देंगे और आवश्यकता पड़ने पर न्यायालय का सहारा लेने के लिए बाध्य होंगे। कर्मचारियों ने प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र समाधान की मांग की है।


