PAK vs SL: T20 वर्ल्ड कप 2026 से पाकिस्तान के बाहर होते ही हड़कंप मच गया है। बासित अली, शोएब अख्तर और मोहम्मद हफीज ने टीम मैनेजमेंट और कप्तानी पर गंभीर सवाल उठाए हैं। क्या अब PCB में होगा बड़ा बदलाव? जानिए दिग्गजों ने क्यों कहा- ‘शर्म करो!’…
T20 World Cup 2026, PAK vs SL: T20 वर्ल्ड कप 2026 से पाकिस्तान के बाहर होते ही वहां के पूर्व दिग्गज खिलाड़ियों ने टीम की धज्जियां उड़ा दी हैं। श्रीलंका के खिलाफ आखिरी मैच में 5 रन की जीत भी किसी काम नहीं आई क्योंकि सेमीफाइनल की रेस से पाकिस्तान पहले ही बाहर हो चुका था। बासित अली, मोहम्मद हफीज और शोएब अख्तर ने मैनेजमेंट और कप्तान सलमान अली आगा पर जमकर हमला बोला है।
‘यह देश की टीम नहीं, फ्रेंचाइजी है’
बासित अली ने अपने यूट्यूब चैनल पर बहुत खरी-खोटी सुनाई। बासित ने कहा कि साहिबजादा फरहान और फखर जमान की 176 रनों की साझेदारी के बाद पाकिस्तान अच्छी स्थिति में था, लेकिन आखिरी 5 ओवरों में टीम ने 8 विकेट खो दिए और सिर्फ 49 रन बनाए। अगर वहां थोड़े और रन बनते तो पाकिस्तान बाहर न होता। बासित ने कहा कि कोच ने बाबर आजम की बुराई तो की, लेकिन उन्हें टीम में चुना ही क्यों? उन्होंने कहा, ‘इसे पाकिस्तान की टीम मत कहो, यह ‘माइक हेसन’ (कोच) की टीम है। कोच जब टीम चुनने में दखल देता है तो यही होता है।’ उन्होंने आरोप लगाया कि उस्मान खान जैसे अच्छे खिलाड़ियों को इसलिए नजरअंदाज किया गया क्योंकि वो मैनेजमेंट के ‘फेवरेट’ नहीं थे।
‘समझ से बाहर था पाकिस्तान का खेल’
पूर्व कप्तान मोहम्मद हफीज ने कहा कि यह वर्ल्ड कप पाकिस्तान की घटिया प्लानिंग की पोल खोलने के लिए काफी है। हफीज ने याद दिलाया कि 2023 से लेकर 2026 तक लगातार 4 ICC टूर्नामेंट्स में पाकिस्तान का यही हाल रहा है। उन्होंने कहा कि सलमान अली आगा की कप्तानी पूरी तरह फेल रही है। जो खिलाड़ी टीम में जगह पाने के हकदार नहीं थे, उन्हें खिलाया गया। हफीज ने चेतावनी दी कि सिर्फ PSL के भरोसे देश का क्रिकेट नहीं बच सकता, मेरिट पर फैसले लेने ही होंगे।
‘मैनेजमेंट पूरी तरह क्लूलेस है’
रावलपिंडी एक्सप्रेस ने कहा कि आखिरी मैच के सिलेक्शन ने ही साबित कर दिया कि पिछले 15 दिनों से टीम गलत खिलाई जा रही थी। अख्तर बोले कि जब अबरार अहमद और फखर जमान को मौका मिला तो उन्होंने परफॉर्म किया, तो इन्हें पहले क्यों नहीं खिलाया गया? उन्होंने कहा कि ख्वाजा नफे की जगह सैम अयूब को होना चाहिए था क्योंकि वो बॉलिंग भी कर सकते थे।
‘अब सर्जरी की जरूरत है’
बासित अली ने सीधे PCB चेयरमैन मोहसिन नकवी से कहा कि अब टीम में ‘सर्जरी’ करने का वक्त आ गया है। अच्छे और ईमानदार लोगों को सिस्टम में लाएं, वरना पाकिस्तान क्रिकेट का ये दर्दनाक सफर कभी खत्म नहीं होगा।
Sports – Patrika | CMS


