सीहोर जिले में अवैध रेत खनन के खिलाफ खनिज विभाग लगातार कार्रवाई कर रहा है। इसके बावजूद अवैध खनन के मामले सामने आ रहे हैं। 19 दिसंबर 2025 से 25 फरवरी 2026 के बीच विभाग ने 66 मामले दर्ज किए। इन मामलों में कुल 24 लाख 36 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। इसमें से करीब 23 लाख 75 हजार रुपये की वसूली हो चुकी है। इस दौरान 53 ट्रैक्टर-ट्रॉली, 2 डंपर, 7 जेसीबी और अन्य मशीनें जब्त की गईं।
सैकड़ों वाहन और मशीनें जब्त, संवेदनशील क्षेत्रों में सख्त निगरानी खनिज विभाग ने बताया कि जिले में खनिज राजस्व वसूली और अवैध उत्खनन, परिवहन व भंडारण को रोकने के लिए कार्रवाई की जा रही है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में 1 अप्रैल 2025 से 18 दिसंबर 2025 तक अवैध खनिज परिवहन, उत्खनन और भंडारण के 306 मामले दर्ज किए गए थे। इन मामलों में लगभग 1 करोड़ 27 लाख 18 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया और 1 करोड़ 26 लाख 57 हजार रुपये की वसूली की गई। इस दौरान 218 ट्रैक्टर-ट्रॉली, 43 डंपर, 6 पोकलेन, 22 जेसीबी, पनडुब्बी, लोडर और अन्य उपकरण जब्त किए गए। अवैध उत्खनन और परिवहन को पूरी तरह रोकने के लिए राजस्व, पुलिस, खनिज और परिवहन विभाग मिलकर लगातार कार्रवाई कर रहे हैं। संवेदनशील इलाकों में नियमित जांच की जा रही है ताकि खनिज गतिविधियों पर नजर रखी जा सके।


