नागौर में फागोत्सव और कौशल मेले’ का भव्य आयोजन:फागुन के उल्लास के साथ हुनर का प्रदर्शन: विप्र फाउंडेशन ने महिलाओं के लिए आयोजित किया कौशल मेला

नागौर में फागोत्सव और कौशल मेले’ का भव्य आयोजन:फागुन के उल्लास के साथ हुनर का प्रदर्शन: विप्र फाउंडेशन ने महिलाओं के लिए आयोजित किया कौशल मेला

फाल्गुन के उल्लास और सामाजिक सरोकार के अनूठे संगम के साथ विप्र फाउंडेशन महिला प्रकोष्ठ (जिला नागौर) द्वारा ‘फागोत्सव एवं कौशल मेले’ का सफल आयोजन किया गया। नागौर के बख्तासागर में विप्र फाउंडेशन महिला प्रकोष्ठ ‘जोन 1 बी’ के तत्वावधान द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में विप्र समाज की महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस अवसर पर जहां एक ओर फाल्गुन के गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने माहौल को उत्सवमय बना दिया, वहीं दूसरी ओर कौशल मेले के माध्यम से महिला सशक्तिकरण का संदेश भी दिया गया।
​आयोजन के दौरान महिलाओं के हुनर को प्रदर्शित करने के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गईं, जिसमें विभिन्न प्रकार के स्टॉल्स और प्रदर्शनी आकर्षण का केंद्र रहीं। बड़ी संख्या में उपस्थित महिलाओं ने जयघोष और सांस्कृतिक गीतों के साथ आपसी एकता का परिचय दिया।
​इस आयोजन के बारे में जानकारी देते हुए विप्र फाउंडेशन महिला प्रकोष्ठ की जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष पुनीता तिवाड़ी ने कहा कि आज का यह फागोत्सव विप्र समाज की महिलाओं को एक मंच पर लाने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है। उन्होंने बताया कि इस फागोत्सव के साथ कौशल मेले का आयोजन विशेष रूप से समाज की महिलाओं को आर्थिक संबल प्रदान करने के लिए किया गया। कार्यक्रम स्थल पर महिलाओं को अपने उत्पादों और सेवाओं के प्रचार-प्रसार के लिए निःशुल्क स्टॉल और बैनर की सुविधा दी गई, ताकि उन्हें आर्थिक मजबूती मिल सके। उन्होंने इस आयोजन को समन्वय और आपसी भाईचारे की भावना का प्रतीक बताते हुए कहा कि सभी महिलाओं ने इसमें बड़े उत्साह और प्रसन्नता के साथ अपनी सहभागिता दर्ज कराई है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *