Sanjay Singh: दिल्ली शराब घोटाले में आम आदमी पार्टी के नेताओं को राहत मिलने के बाद रविवार को पार्टी की तरफ से जंतर-मंतर पर जनसभा आयोजित किया गया। इस दौरान सांसद संजय सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि मोदी जी खुद को विश्व गुरु कहते हैं, लेकिन सच्चाई यह है कि वे “गुरु घंटाल” हैं। संजय सिंह ने दावा किया कि अदालत के फैसले ने यह साफ कर दिया है कि अरविंद केजरीवाल एक ईमानदार नेता थे, हैं और रहेंगे, और किसी में उन्हें बदनाम करने की हिम्मत नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि केजरीवाल के खिलाफ झूठा मामला राजनीतिक साजिश के तहत बनाया गया, जिसके पीछे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह का हाथ है।
आम आदमी पार्टी के नेता संजय सिंह ने रविवार को एक जनसभा को संबोधित करते हुए भाजपा पर जमकर निशाना साधा, जिसका वीडियो उन्होंने खुद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा किया। अपने संबोधन में संजय सिंह ने सबूत मिटाने के भाजपा के आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा कि जब सरकार भाजपा की है, ईडी भाजपा के अधीन है और दिल्ली पुलिस भी भाजपा के नियंत्रण में है, तो ऐसे में सबूतों से छेड़छाड़ अरविंद केजरीवाल कैसे कर सकते हैं।
उन्होंने आगे कहा कि पहले नरेंद्र मोदी और भारतीय जनता पार्टी के नेता ट्रक भर-भरकर सबूत होने का दावा कर रहे थे, लेकिन जब अदालत ने केजरीवाल को बरी कर दिया तो अब सबूत मिटाने की बात कही जा रही है। संजय सिंह ने इसे भाजपा की हताशा करार देते हुए कहा कि यह हालात बिल्कुल “खिसियानी बिल्ली खंभा नोचे” जैसे हैं और सच सामने आने के बाद भाजपा के पास कहने को कुछ नहीं बचा है।


