Jaipur Airport International Flight Cancel Update: ईरान और इजराइल के बीच बढ़ते तनाव ने अब राजस्थान के हवाई सफर पर भी ब्रेक लगा दिया है। अंतरराष्ट्रीय एयरस्पेस में लगी पाबंदियों के कारण जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट से संचालित होने वाली खाड़ी देशों की उड़ानों पर संकट गहरा गया है। एयरपोर्ट प्रशासन ने यात्रियों के लिए आपातकालीन एडवाइजरी जारी की है।
युद्ध के हालातों और अंतरराष्ट्रीय हवाई क्षेत्रों के बंद होने के कारण जयपुर से संचालित होने वाली निम्नलिखित उड़ानें रद्द कर दी गई हैं, जिनमें एतिहाद एयरवेज (EY-327): अबू धाबी जाने वाली फ्लाइट कैंसिल, एयर अरेबिया (G9436): शारजाह की उड़ान रद्द, एयर इंडिया एक्सप्रेस (IX-195): दुबई जाने वाली फ्लाइट स्थगित और स्पाइसजेट (SG-57): दुबई की उड़ान को भी अगले आदेश तक रोका गया।
एयरपोर्ट प्रशासन की सख्त एडवाइजरी
- मिडिल ईस्ट में जारी संघर्ष के कारण कई रूट डायवर्ट किए जा रहे हैं। जयपुर एयरपोर्ट प्रबंधन ने यात्रियों से अपील की है कि वे अपनी यात्रा की योजना बेहद सावधानी से बनाएं।
- एयरपोर्ट पहुंचने से पहले अपनी संबंधित एयरलाइन के कस्टमर केयर या वेबसाइट से फ्लाइट का स्टेटस जरूर चेक करें।
- बिना कंफर्मेशन के एयरपोर्ट आने से बचें, ताकि वहां भीड़ और परेशानी की स्थिति न बने।
- अंतरराष्ट्रीय एयर स्पेस क्लोजर की वजह से उड़ानों के समय में अचानक बदलाव या रूट डायवर्जन संभव है।
- सबसे ज्यादा असर दुबई और शारजाह जाने वाले यात्रियों पर पड़ रहा है।
- आने वाले दिनों में अगर तनाव और बढ़ता है, तो उड़ानों की संख्या में और कटौती की जा सकती है।
- अगर आपकी टिकट कैंसिल हुई है, तो रिफंड या रि-बुकिंग के लिए तुरंत एयरलाइन के हेल्पडेस्क से संपर्क करें।
क्यों पैदा हुए ये हालात?
ईरान और इजराइल के बीच जारी सैन्य टकराव के कारण कई देशों ने अपना एयर स्पेस (हवाई क्षेत्र) सुरक्षा कारणों से बंद कर दिया है। चूंकि जयपुर से गल्फ देशों की उड़ानें इसी क्षेत्र से होकर गुजरती हैं, इसलिए सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए एयरलाइंस ने उड़ानों को रद्द या रिड्यूल करने का फैसला लिया है।


