ईरान-इजराइल जंग, बठिंडा की प्रिंसिपल UAE में फंसी:VIDEO में बोलीं- एयरपोर्ट से बाहर निकाला, पैसे-दवा खत्म; बच्चों से मिलने गई थी

ईरान-इजराइल जंग, बठिंडा की प्रिंसिपल UAE में फंसी:VIDEO में बोलीं- एयरपोर्ट से बाहर निकाला, पैसे-दवा खत्म; बच्चों से मिलने गई थी

US-इजराइल और ईरान जंग से मिडिल ईस्ट में हालात बिगड़ने लगे हैं, जिसका असर अब पंजाब के लोगों पर भी दिख रहा है। एयरस्पेस बंद होने से संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के शारजाह इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर कई पंजाबी यात्री फंस गए हैं। बठिंडा की प्रिंसिपल नीरू गर्ग ने एयरपोर्ट से वीडियो जारी कर बताया कि उनके पास बीपी और शुगर जैसी जरूरी दवाइयां खत्म हो चुकी हैं और हालात लगातार मुश्किल होते जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि उन्होंने भारत सरकार से मदद की अपील की थी, लेकिन अभी तक कोई ठोस प्रबंध नहीं हुआ। नीरू ने बताया कि रात करीब 10 बजे उन्हें एयरपोर्ट से बाहर जाने को कहा गया, लेकिन कोई स्पष्ट दिशा-निर्देश नहीं दिए गए। उन्हें इंडिगो से भी शिकायत है, क्योंकि एयरलाइन ने बाहर अधिकारियों के मिलने की बात कही थी, लेकिन वहां कोई मौजूद नहीं था। काफी देर इंतजार के बाद उन्होंने होटल तलाश किया, पर सभी होटल भरे हुए थे। अंत में 20 किलोमीटर दूर एक महंगा होटल मिला, जहां उन्होंने रात बिताई। अब होटल प्रबंधन ने उन्हें कमरा खाली करने को कहा है और उनके पास पैसे भी लगभग खत्म हो चुके हैं। नीरू ने कहा कि उनकी दवाइयां खत्म हो चुकी हैं और कोई कुछ बताने वाला नहीं है। उन्होंने भारत सरकार से जल्द सुरक्षित निकासी की मांग की है। नीरू ने कहा कि उनके परिचित आर्थिक मदद की पेशकश कर रहे हैं, लेकिन वे चाहती हैं कि सरकार जल्द हस्तक्षेप कर सभी लोगों को सुरक्षित वापस लाए। वे अपने बच्चों से मिलने गईं थी। दुबई में फंसी टीचर ने बताए हालात… एयरपोर्स से निकाल दिया, कोई हेल्प नहीं मिली: एसएसडी गर्ल्स कॉलेज बठिंडा की प्रिंसीपल नीरू गर्ग ने कहा कि मैंने भारत सरकार से गुहार लगाई थी कि हमारे लिए कोई प्रबंध किया जाए। मैं आपको ताजा हालात बताना चाहती हूं कि कल हमें रात 10 बजे एयरपोर्ट से बाहर निकाल दिया गया। हमें कोई दिशा निर्देश नहीं दिए गए और न ही कोई सहायता मिली। एयरलाइंस और होटल की समस्या: नीरू गर्ग ने कहा कि हमें सबसे ज्यादा शिकायत इंडिगो एयरलाइंस से है, क्योंकि उन्होंने कहा था कि बाहर उनके अधिकारी मिलेंगे पर वहां कोई नहीं था। हम आधा घंटा बाहर बैठे रहे फिर हमने होटल ढूंढे पर सब भरे हुए थे। 20 किलोमीटर दूर हमें एक बहुत महंगा होटल मिला जहां रात काटी। दवाइयां खत्म हो गई हैं और सरकारी मदद दी जाए: नीरू गर्ग ने बताया कि अब होटल छोड़ने का समय हो चुका है। हमारे पास पैसे खत्म हो गए हैं और सबसे जरूरी बात कि हमारी बीपी और अन्य दवाइयां भी खत्म हो चुकी हैं। मेरी भारत सरकार से विनती है कि कृपया हमसे संपर्क करें और जल्द से जल्द हमें यहां से सुरक्षित बाहर निकाला जाए। जंग में फंसे पंजाबी यात्रियों की परेशानी के 3 PHOTOS…. हमें एक घंटे पहले बताया कि फ्लाइट कैंसिल हैं
शारजाह एयरपोर्ट पर पंजाब के एक यात्री ने बताया कि वह दोपहर ढाई बजे से एयरपोर्ट पर हैं। फ्लाइट की जिम्मेदारी हमारी केयर करना है, लेकिन मैनेजर आया था, हमें कहा कि इंतजाम कर रहे हैं। वह हमें मीठी गोली देकर निकल गया। इसके बाद से कोई पूछने वाला नहीं है। मैं पांच दिन के वीजा पर बच्चों से मिलने आया था। अब मेरा वीजा भी खत्म हो चुका है। एक अन्य पंजाबी यात्री ने बताया कि हम सब यहां पर डरे हुए हैं। घर से बार-बार फोन आ रहे हैं। यहां न रहने के लिए हमारे पास कोई इंतजाम है और न ही कोई एयरपोर्ट की तरफ से व्यवस्था की गई है। खासला एड आगे आई, हेल्पलाइन नंबर जारी किया UAE में फंसे पंजाबियों की मदद के लिए ग्लोबल NGO खालसा एड ने हेल्पलाइन नंबर 772 54-7520711 जारी किया है। खालसा एड के सदस्यों ने वीडियो जारी कर कहा कि जैसा कि आप जानते हैं कि मिडिल ईस्ट के देशों में एयरपोर्ट बंद होने की वजह से हमारे बहुत से लोग वहां फंसे हुए हैं। उनके लिए सलाह यह है कि आप जहां भी हैं, वहीं रहें और ज्यादा इधर उधर न घूमें। खाने-पीने का सामान और खासकर पानी का पर्याप्त स्टॉक अपने पास रखें। इंडियन एंबेंसी की वेबसाइट पर नजर रखें
खालसा एड ने कहा कि सबसे जरूरी बात यह है कि भारतीय दूतावास यानी इंडियन एंबेंसी की वेबसाइट और सोशल मीडिया पेज पर लगातार नजर रखें और अपनी जानकारी वहां अपडेट करते रहें, अगर आप अपना होटल या रहने की जगह बदलते हैं, तो उसकी सूचना तुरंत दूतावास को दें ताकि जब सरकार आपको निकालने के लिए जहाज भेजे तो उन्हें आपकी सही लोकेशन पता हो और वे आप तक आसानी से पहुंच सकें। एक-दूसरे की मदद करें, सुरक्षित रहें और घबराएं नहीं। भारत सरकार ने भरोसा दिया है कि हालात मिलते ही फ्लाइट्स भेजकर सबको सुरक्षित निकाल लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *