सर्दियों में घने कोहरे के कारण कम किए गए ट्रेनों के फेरे अब बहाल कर दिए गए हैं। रेलवे प्रशासन ने मौसम सामान्य होने के बाद ट्रेनों को उनके पुराने शेड्यूल के अनुसार चलाने का निर्णय लिया है। कोहरे के कारण बरौनी मेल के फेरे सप्ताह में दो दिन (सोमवार और गुरुवार) के लिए अस्थायी रूप से कम कर दिए गए थे। इस वजह से यह ट्रेन ग्वालियर से सप्ताह में केवल पांच दिन ही चल रही थी। अब फेरे बहाल होने के बाद यह ट्रेन फिर से अपने नियमित शेड्यूल के अनुसार संचालित होगी। ग्वालियर से बिहार जाने वाली बरौनी मेल हजारों यात्रियों के लिए प्रमुख साधन है और बरौनी के लिए यह एकमात्र सीधी ट्रेन है। फेरे कम होने से यात्रियों को वैकल्पिक व्यवस्था करनी पड़ रही थी और कई बार यात्राएं स्थगित करनी पड़ती थीं। सुमावली मेमू का घटाया गया फेरा भी शुरू ग्वालियर से सुमावली के बीच चलने वाली मेमू ट्रेन का एक फेरा भी अस्थायी रूप से कम किया गया था। इस ट्रेन से प्रतिदिन करीब एक हजार यात्री सफर करते हैं। फेरा कम होने से अन्य ट्रेनों में यात्रियों की भीड़ बढ़ गई थी। रेलवे ने समय जांचकर यात्रा करने की अपील की रेलवे अधिकारियों ने बताया कि मौसम सामान्य होने के बाद सभी ट्रेनों को निर्धारित समय और आवृत्ति के अनुसार चलाया जा रहा है। यात्रियों से यात्रा से पहले ट्रेन का समय जांचने की अपील की गई है। रेलवे को उम्मीद है कि फेरे बहाल होने से यात्रियों की परेशानी कम होगी और राजस्व में भी वृद्धि होगी।


