हरियाणा के हांसी में विधायक विनोद भयाना ने शनिवार को सात विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं पर करीब 2 करोड़ रुपए की लागत आई है। ये कार्य गांव धमाणा और हांसी शहर में हुए। इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीण और शहरवासी मौजूद रहे। समारोह को संबोधित करते हुए विधायक भयाना ने कहा कि नायब सिंह सैनी के नेतृत्व वाली प्रदेश सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास’ के सिद्धांत पर काम कर रही है। उन्होंने जोर दिया कि सरकार प्रदेश के हर क्षेत्र में समान रूप से विकास कार्य करवा रही है। छोटे से गांव धमाणा में करोड़ों रुपए के कार्य पूरे होना इसका प्रमाण है। विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साल 2047, तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को साकार करने के लिए प्रत्येक नागरिक को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। साथ ही, उन्होनें कहा कि काम में कोई कोताही न बरती जाए। धमाणा में 1.20 लाख रुपए की विकास कार्यों का लोकार्पण गांव धमाणा में लगभग 1 करोड़ 20 लाख रुपए की लागत से पांच विकास कार्यों का लोकार्पण किया गया। इनमें 18 लाख रुपए से निर्मित स्कूल की चारदीवारी, 10 लाख रुपए से तैयार वॉलीबॉल मैदान और 55 लाख रुपए से बनी तालाब की रिटेनिंग वॉल शामिल हैं। इसके अलावा, 19 लाख 55 हजार रुपए की लागत से कृष्ण के घर से दयाराम के घर तक गली का निर्माण भी किया गया। लाइब्रेरी और ओपन जिम की मांग की ग्रामीणों ने विधायक के समक्ष अधूरे पार्क को पूरा करने, गांव में लाइब्रेरी और ओपन जिम स्थापित करने तथा स्कूल में साइकिल स्टैंड शेड बनवाने की मांग रखी। विधायक ने मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को इन कार्यों के लिए एस्टीमेट तैयार कर जल्द प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए। हांसी में दो परियोजनाओं की आधारशिला रखी हांसी शहर में विधायक ने दो महत्वपूर्ण परियोजनाओं की आधारशिला रखी। इनमें धतरवाल अस्पताल से बबलू आटा चक्की तक 39 लाख रुपए की लागत से गली का निर्माण और हुकुमचंद जैन पार्क में 38 लाख रुपए की लागत से मॉर्निंग वॉक ट्रैक का निर्माण शामिल है।


