चंदौली में पैसे के विवाद में कहासुनी के बाद फायरिंग, 4 को लगी गोली

चंदौली में पैसे के विवाद में कहासुनी के बाद फायरिंग, 4 को लगी गोली

चंदौली: मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र में पैसे को लेकर उपजे विवाद के बाद एक शख्स ने फायरिंग कर दी। फायरिंग की घटना में चार लोग घायल हुए हैं। चारों घायलों को वाराणसी के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है, जिसमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

एक शख्स की हालत गंभीर

जानकारी के मुताबिक, सहजौर गांव के रिंग रोड पर पैसे के लेनदेन को लेकर हुए विवाद के बाद सूर्य प्रकाश सिंह ने गोलू यादव नामक शख्स के ऊपर असलहे से फायरिंग कर दी। बीच बचाव करने आए कृष्णा यादव, सोनू यादव और अक्षय सिंह के ऊपर भी फायरिंग की गई, जिसमें चारों को गोली लग गई है। गोलीबारी की इस घटना के बाद घायलों को ग्रामीणों ने वाराणसी के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया है, जहां गोलू यादव की हालत गंभीर बताई जा रही है।

देर रात हुई कहासुनी के बाद फायरिंग

घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। पुलिस के मुताबिक सूर्य प्रकाश सिंह का पैसे के लेनदेन को लेकर गोलू व उसके रिश्तेदारों से विवाद चल रहा था। इसी बीच शनिवार की देर रात कहासुनी के बाद चारों लोगों पर फायरिंग कर दी गई, जिसमें चारों घायल हो गए हैं। सभी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

गांव में तनाव का माहौल

घटना के बाद बढ़ते तनाव को लेकर गांव में पुलिस बल की तैनाती की गई है। इसके साथ ही पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है। पुलिस इस मामले को कई एंगल से देख रही है। फिलहाल, अधिकारियों ने कुछ भी स्पष्ट रूप से बताने से इनकार किया है। गोलीबारी की इस घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *