गुजरात में भी एचपीवी नि:शुल्क टीकाकरण की शुरूआत

गुजरात में भी एचपीवी नि:शुल्क टीकाकरण की शुरूआत

Ahmedabad. देश के साथ गुजरात में भी गर्भाशय मुख के कैंसर से बचाव के लिए ह्यूमन पेपिलोमा वायरस (एचपीवी) से बचाव के लिए शनिवार से नि:शुल्क टीकाकरण का शुभारंभ हो गया। देश में जहां राजस्थान के अजमेर से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इसकी शुरूआत कराई वहीं गुजरात में अहमदाबाद के सोला सिविल अस्पताल से मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने राज्यव्यापी टीकाकरण का आगाज कराया। गुजरात में इस टीकाकरण अभियान के चलते 14 साल से अधिक और 15 साल पूरा न करने वाली 5.50 लाख किशोरियों को मुफ्त में एचपीवी टीका लगाया जाएगा। इस दौरान स्वास्थ्य राज्य मंत्री प्रफुल पानशेरिया, महापौर प्रतिभा जैन उपस्थित रहे।

संकोच बिना बेटियों को लगवाएं एचपीवी टीका: पानशेरिया

स्वास्थ्य राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) प्रफुल पानशेरिया ने कहा कि अंधश्रद्धा, अंधविश्वास तथा अफवाहों से दूर रहते हुए 14 साल से अधिक और 15 साल पूरे न हुए हों ऐसी बेटी को एचपीवी का मुफ्त टीका जरूर लगवाएं। यह वैज्ञानिक पद्धति से तथा चिकित्सकों की देखरेख में तैयार हुआ है। आज जब खाद्य पदार्थों में मिलावट के कारण कैंसर जैसे रोग बढ़ रहे हैं, तब उन्होंने पहला सुख निरोगी काया के सूत्र को सार्थक करने और हमारी बेटियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए इस टीकाकरण अभियान में भाग लेने का अनुरोध किया।

टीकाकरण अभियान में एचपीवी भी शामिल, मुफ्त में लगेगा

उन्होंने कहा कि गुजरात सरकार द्वारा व्यापक टीकाकरण कार्यक्रम अंतर्गत हर वर्ष बच्चों के टीकाकरण पर 240 करोड़ रुपए से अधिक खर्च किए जाते हैं। अब इस कड़ी में एचपीवी टीके को भी शामिल किया गया है। बाजार में इस वैक्सीन के एक डोज की कीमत लगभग 3000 रुपए है, परंतु राज्य सरकार द्वारा 150 करोड़ रुपए आवंटित कर यह टीका पूरी तरह निःशुल्क लगाने का ऐतिहासिक निर्णय किया गया है। इस महत्वाकांक्षी अभियान के तहत गर्भाशय मुख के कैंसर की रोकथाम के लिए राज्य की 14 वर्ष पूरे कर चुकी और 15 वर्ष से कम आयु की अनुमानित 5.50 लाख किशोरियों को सुरक्षित करने का लक्ष्य रखा है।

महिलाओं को होने वाले कैंसरों में दूसरा कैंसर है सर्वाइकल

भारत में महिलाओं में होने वाले कुल कैंसर में सर्वाइकल कैंसर दूसरे स्थान पर है, जिसमें मुख्यतः एचपीवी-16 व एचपीवी-18 प्रकार के वायरस जिम्मेदार हैं। इस गंभीर स्थिति को ध्यान में रखकर अत्यंत प्रभावशाली तथा सुरक्षित क्वाड्रिवेलेंट एचपीवी वैक्सीन अब गुजरात की किशोरियों को प्रदान की जाएगी।

2297 टीकाकरण टीमें कार्यरत

इस एचपीवी टीकाकरण अभियान के सुचारु संचालन के लिए राज्यभर में 2297 प्रशिक्षित टीकाकरण टीमें तथा इतने ही कोल्ड चेन पॉइंट्स कार्यरत किए गए हैं। टीके की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए प्लस 2 डिग्री सेल्सियस से प्लस 8 डिग्री सेल्सियस तापमान में स्टोरेज की सुविधा है। टीईसीएचओ प्लस तथा सेफ वीओसी पोर्टल पर रियल-टाइम ट्रैकिंग की जाएगी। ‘सर्वाइकल कैंसर से बेटी को बचाएं, समय पर एचपीवी टीका लगवाएं’ के मंत्र के साथ अभियान छेड़ा है।

अहमदाबाद शहर में कल से टीकाकरण, 13 सेंटर बनाए

राज्य के साथ अहमदाबाद महानगर पालिका ने भी एचपीवी का टीका मुफ्त में लगाने के अभियान को शुरू करने की घोषणा कर दी है। शहर में 2 मार्च से यह टीका लगाया जाएगा। इसके लिए 13 कम्युनिटी और प्राइमरी हेल्थ सेंटरों को चिन्हित किया है। इसके तहत गार्डासिल-4 वैक्सीन का 0.5 एमएल डोज हाथ में लगाया जाएगा। टीका लगवाने के लिए भूखे पेट न जाएं। इसके लिए नरोडा, रखियाल, गोमतीपुर, वस्त्राल, दाणीलीमडा, वटवा, बहेरामपुरा, फैजलनगर, साबरमती, चांदखेड़ा सरखेज, थलतेज कम्युनिटी हेल्थ सेंटर और दूधेश्वर अर्बन प्राइमरी हेल्थ सेंटर में टीकाकरण की व्यवस्था की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *