बस के टूटे फर्श से पहिये के नीचे आई मासूम:अलीगढ़ के मलसई चौराहे पर ग्रामीणों ने पकड़ी स्कूल बस, छात्रा की कुचलकर मौत

बस के टूटे फर्श से पहिये के नीचे आई मासूम:अलीगढ़ के मलसई चौराहे पर ग्रामीणों ने पकड़ी स्कूल बस, छात्रा की कुचलकर मौत

अलीगढ़ में शनिवार दोपहर स्कूल बस में पहिये के ऊपर लोहे की जर्जर चादर टूटने से नीचे गिरी मासूम की कुचलकर मौत हो गई। ​गंगीरी थाना क्षेत्र के मलसई चौराहे के पास हुए हादसे के बाद चालक बस लेकर भाग गया। इसका पीछा करते हुए ग्रामीणों ने उसे करीब दो किलोमीटर तक पीछा करते हुए थाना गंगीरी के मलसई चौराहे पर घेराबंदी कर पकड़ लिया। छात्रा की कुचलकर मौत के बाद ग्रामीणों ने जमकर हंगामा करते हुए जाम लगा दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। छात्रा अनन्या (8) बुढ़िया कसेर स्थित माउंट इंटरनेशनल स्कूल में यूकेजी की छात्रा थी। उसका भाई गोलू भी इसी स्कूल में कक्षा 3 का छात्र है। दोनों बच्चे स्कूल की बस से आते–जाते थे। ढोलना से गंगीरी की तरफ लौट रहा था चालक ग्रामीणों ने बताया कि स्कूल से छुट्‌टी के बाद बस बच्चों को घर छोड़ने के लिए निकली थी। चालक ने कासगंज जिले के ढोलना थाना थाना क्षेत्र के गांव में बच्चों को उतारा इसके बाद वह गंगीरी तरफ चल दिया। उस समय बस में अनन्या और उसका भाई ही रह गए थे। इसी दौरान ढोलना के नगला साधु के पास अचानक पहिये के ऊपर जर्जर फर्श टूटने से छात्रा नीचे गिर गई और पीछे वाले टायर से कुचलकर मौके पर ही मौत हो गई। मासूम को सीट पर रखा और भाई को डराया बहन के नीचे गिरते ही उसका भाई गोलू चिल्लाकर रोने लगा। इस पर चालक ने तुरंत बस को रोका और फुर्ती से बच्ची को उठाकर सीट पर रख लिया। इसके अलावा कुछ भी बताने पर उसके भाई को डरा दिया। इसके बाद उसके पिता रवि को बच्ची के चोट लगने की जानकारी दी। इस घटना को होते हुए वहां मौजूद ग्रामीणों ने देख लिया। जैसे ही ग्रामीण चिल्लाते हुए भागे, चालक बस को लेकर भाग निकला। मलसई चौराहे पर घेराबंदी कर दबोचा ग्रामीणों ने बस का पीछा करना शुरू कर दिया और थाना गंगीरी के मलसई चौराहे पर परिचितों को भी फोन कर घटना की जानकारी दी। घटना स्थल से करीब दो किलोमीटर बाद ग्रामीणों ने बस को मलसई चौराहे पर घेराबंदी कर पकड़ लिया। इसके बाद बच्ची के पिता और पुलिस को सूचना दी गई। ​होनहार बेटी को खोकर परिवार में कोहराम ​मृतका अनन्या ग्राम नाय भाय थाना दादों की रहने वाली थी। उसके पिता रवि गंगीरी चौराहे पर जनसेवा केंद्र चलाते हैं और पिछले 12 वर्षों से वहीं रह रहे हैं। पिता ने बताया कि अनन्या पढ़ाई में बहुत होशियार थी। वह और उसका भाई गोलू (कक्षा 3) दोनों एक ही स्कूल में पढ़ते थे। हादसे की खबर मिलते ही मां देवकी का रो-रोकर बुरा हाल है। स्कूल प्रशासन और RTO विभाग पर उठे सवाल ​इस घटना ने स्कूल वाहनों की सुरक्षा और आरटीओ (RTO) की कार्यप्रणाली पर भी लोगों ने सवाल उठाएं हैं। लोगों का कहना है कि बस के फर्श में छेद होना बताता है कि गाड़ी कंडम हालत में थी। स्कूल प्रबंधन ने बच्चों की जान जोखिम में डालने का काम किया है। ​वहीं, आरटीओ विभाग की जांच पर भी लोगों का कहना है कि जर्जर बसों के फिटनेस सर्टिफिकेट भी जारी कर दिए जाते हैं। ​सड़क पर हंगामा, कासगंज भेजा गया शव ​हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर जाम लगा दिया। सूचना मिलते ही गंगीरी थाना अध्यक्ष रणजीत सिंह, छर्रा और दादों थानों की पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। सीओ संजीव कुमार ने बताया कि घटना थाना ढोलना क्षेत्र की है, इसलिए आगे की विधिक कार्रवाई वहीं की पुलिस द्वारा की जा रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए कासगंज भेज दिया है। बच्ची के पिता ने लापरवाह स्कूल प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *