फतेहपुर के कल्याणपुर थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह करीब 11 बजे डंपर की टक्कर से 16 साल की किशोरी की मौत हो गई। वहीं, उसके साथ बाइक पर सवार मौसा भी घायल हो गए। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने किशोरी के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। कल्याणपुर थाना क्षेत्र के गोविंदपुर निवासी रामखेलावन निषाद अपनी भांजी कुमारी लक्ष्मी देवी को मोटरसाइकिल पर लेकर भाखुआ से हुसैनगंज की ओर जा रहे थे। लक्ष्मी देवी भाखुआ चौराहा, हुसैनगंज की रहने वाली थीं। होली की छुट्टियों में वह अपने मौसी के घर जा रही थी। डलमऊ की तरफ से आ रहे एक ट्रक ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। इस हादसे में मोटरसाइकिल पर सवार लक्ष्मी देवी गंभीर रूप से घायल हो गई। कुछ ही देर में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, रामखेलावन निषाद को हल्की चोटें आई हैं। आरोपी डंपर चालक मौके से फरार हो गया। शव को मोर्चरी हाउस भिजवा दिया गया है और परिजनों को सूचित कर दिया गया है। लक्ष्मी के पिता महावीर उर्फ कल्लू मजदूरी करते हैं। मां बुढ़वा देवी और भाई मुकेश कुमार का रो-रो कर बुरा हाल है। थाना अध्यक्ष आलोक पांडे ने बताया कि आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


