Share Market में हाहाकार के बीच Rupee को भी लगा झटका, Dollar के मुकाबले 17 पैसे फिसला

Share Market में हाहाकार के बीच Rupee को भी लगा झटका, Dollar के मुकाबले 17 पैसे फिसला

वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच कच्चे तेल की कीमतों में तेजी और विदेशी संस्थागत निवेशकों की भारी पूंजी निकासी के कारण शुक्रवार को डॉलर के मुकाबले रुपया 17 पैसे टूटकर 91.08 पर बंद हुआ।
विदेशीमुद्रा कारोबारियों के अनुसार, घरेलू शेयर बाजार की नकारात्मक धारणा ने रुपये पर और दबाव डाला।
अंतरबैंक विदेशीमुद्रा विनिमय बाजार में, रुपया 90.91 पर खुला और 90.91 से 91.08 के दायरे में घट-बढ़ के बाद अंत में 91.08 पर बंद हुआ, जो पिछले बंद भाव से 17 पैसे की गिरावटहै।
बृहस्पतिवार को डॉलर के मुकाबले रुपया 90.91 पर अपरिवर्तित रुख के साथ बंद हुआ था।

मिराए एसेट शेयरखान के शोध विश्लेषक, अनुज चौधरी ने कहा, ‘‘हमारा अनुमान है कि घरेलू शेयर बाजार में कमजोर रुख तथा अमेरिका और ईरान के बीच तनाव बढ़ने की वजह से रुपया नकारात्मक रुख के साथ कारोबार करेगा। डॉलर-रुपया हाजिर कीमत 90.70 रुपये से 91.20 रुपये के बीच रहने का अनुमान है।’’
इस बीच, विश्व की छह प्रमुख मुद्राओं की तुलना में डॉलर की मजबूती को मापने वाला, डॉलर सूचकांक 0.05 प्रतिशत टूटकर 97.74 पर रहा।

वैश्विक कच्चातेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा कारोबार में 1.64 प्रतिशत बढ़कर 71.91 डॉलर प्रति बैरल हो गया।
घरेलू शेयर बाजार में, सेंसेक्स 961.42 अंक टूटकर 81,287.19, जबकि निफ्टी 317.90 अंक गिरकर 25,178.65 पर बंद हुआ।
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशक बाजार में शुद्ध बिकवाल रहे। उन्होंने शुक्रवार को 7,536.36 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *