राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत हरियाणा के दौरे पर हैं। डॉ. भागवत आज शनिवार को कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी में राष्ट्र निर्माण और समाज परिवर्तन पर फोकस वाली विचार गोष्ठी में हिस्सा लेंगे। इससे पहले कल उन्होंने अंबाला में स्वयंसेवकों के साथ कार्यक्रम किया। यह आयोजन संघ के शताब्दी वर्ष को लेकर हो रहे हैं। कल 27 फरवरी को अंबाला शहर और अंबाला छावनी में 15 से 40 साल की उम्र के स्वयंसेवक के साथ उन्होंने मुलाकात की। यह इंडोर कार्यक्रम था, जहां संघ की शाखा गतिविधियों और विचारों पर चर्चा हुई। इस आयोजन का मकसद युवा स्वयंसेवकों को प्रेरित करना रहा, ताकि वे समाज सेवा में और सक्रिय हों। आज कुरुक्षेत्र में विचार गोष्ठी आज सुबह करीब 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक कुरुक्षेत्र के श्रीमद्भगवत गीता सभागार में विचार गोष्ठी हो रही है। इसमें हरियाणा के शिक्षाविद, रिटायर्ड आईएएस, आईपीएस अधिकारी और न्यायाधीश शामिल हैं। इस गोष्ठी में करीब 500 लोग हिस्सा लेंगे। इस विचार गोष्ठी का मुख्य विषय राष्ट्र निर्माण, समाज परिवर्तन और संघ की भूमिका है। पहले भी कुरुक्षेत्र आ चुके भागवत डॉ. मोहन भागवत कई बार कुरुक्षेत्र आ चुके हैं। वे 25 नवंबर 2017 को मातृभाषा सत्याग्रही योजना के लाभार्थियों से जुड़े कार्यक्रम में शामिल हुए थे। इस योजना के पहले चरण में 194 लाभार्थियों की पहचान हुई थी और डॉ. भागवत ने इस पर चर्चा की थी। इसके बाद 30 जून 2022 को ज्योतिसर में भगवान श्रीकृष्ण के विराट स्वरूप की प्रतिमा का उद्घाटन किया था।


