बस को बचाने में अनियंत्रित हुआ ट्रेलर, धमाके की आवाज के साथ पेड़ से भिड़ा…चकनाचूर हुआ केबिन, ड्राइवर की हालत गंभीर

बस को बचाने में अनियंत्रित हुआ ट्रेलर, धमाके की आवाज के साथ पेड़ से भिड़ा…चकनाचूर हुआ केबिन, ड्राइवर की हालत गंभीर

देवरिया जिले में शुक्रवार की रात लगभग साढ़े आठ बजे बड़ी दुर्घटना होने से बच गई, यहां रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के बलियवा गांव के पास देवरिया-हाटा मार्ग पर एक बस को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित हुआ ट्रेलर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गया।

इस दुर्घटना में ट्रेलर चालक केबिन में फंस गया। दुर्घटना के बाद मची अफरा तफरी में भारी भीड़ जमा हो गई, किसी तरह घंटे भर की कड़ी मेहनत के बाद ट्रेलर चालक बाहर निकाला गया।

सामने से आती बस को बचाने में ट्रेलर पेड़ से भिड़ा

ट्रेलर चालक लालमन यादव (45) रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के बिशनपुर पांडे चक्की के निवासी हैं। वे अपने गांव से भोजन कर देवरिया मुख्यालय लौट रहे थे। बलियवा गांव के पास पहुंचने पर सामने से एक बस आती दिखी।

बस को अनियंत्रित होता देख चालक लालमन यादव ने उसे बचाने का प्रयास किया। इसी दौरान ट्रेलर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराया। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रेलर का केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक लालमन यादव उसमें फंस गए।

क्रेन,जेसीबी से चालक को केबिन से निकाला गया, गंभीर हालत में मेडिकल कालेज में भर्ती

दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के ग्रामीण तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और चालक को बाहर निकालने का प्रयास किया। पुलिस को सूचना दी गई, क्रेन और जेसीबी मशीन बुलाई गई। ट्रेलर के केबिन को काटकर और जेसीबी की सहायता से चालक को घंटे भर की मशक्कत के बाद सुरक्षित बाहर निकाला।

गंभीर रूप से घायल चालक को महर्षि देवराहा बाबा मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है।इस हादसे के कारण देवरिया-हाटा मार्ग पर लगभग एक घंटे तक यातायात बाधित रहा। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात को सामान्य कराया। क्षतिग्रस्त ट्रेलर को सड़क से हटाने की व्यवस्था भी की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *