शुक्रवार से अनूपपुर, कोतमा और वेंकटनगर स्टेशनों पर एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव (स्टॉपेज) की शुरुआत की गई। शहडोल सांसद हिमाद्री सिंह ने पूजा-अर्चना के बाद ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रेलवे द्वारा जारी नई समय-सारणी के अनुसार- अनूपपुर स्टेशन: सांतरागाछी-रानी कमलापति हमसफर एक्सप्रेस का ठहराव 27 फरवरी से शुरू हो गया है। इससे भोपाल और कोलकाता की राह आसान होगी। कोतमा स्टेशन: निजामुद्दीन-अम्बिकापुर एक्सप्रेस का ठहराव मार्च के पहले हफ्ते से शुरू होगा, जिससे दिल्ली तक सीधी पहुंच मिलेगी। वेंकटनगर स्टेशन: पुरी-ऋषिकेश उत्कल एक्सप्रेस के ठहराव से तीर्थ यात्रियों को हरिद्वार और पुरी के लिए सीधी ट्रेन मिल सकेगी। अनूपपुर स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में सांसद हिमाद्री सिंह ने कहा कि इन ट्रेनों का ठहराव क्षेत्र के लोगों की पुरानी मांग थी, जिसे अब पूरा कर दिया गया है। उन्होंने सांतरागाछी-रानी कमलापति हमसफर एक्सप्रेस के अनूपपुर में रुकने को एक बड़ी उपलब्धि बताया और इस सुविधा के लिए प्रधानमंत्री और रेल मंत्री का आभार जताया। अधिकारियों की मौजूदगी कार्यक्रम के दौरान अपर मंडल रेल प्रबंधक के. श्रीनिवास और मंडल वाणिज्य प्रबंधक एस. भारतीयन समेत रेलवे के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। रेलवे प्रशासन का मानना है कि इन नए स्टॉपेज से न केवल यात्रियों की संख्या बढ़ेगी, बल्कि स्थानीय लोगों को लंबी दूरी की यात्रा के लिए दूसरे स्टेशनों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।


