दतिया जिले के इंदरगढ़ थाना अंतर्गत कस्बा इलाके में शुक्रवार दोपहर सनसनीखेज फायरिंग की घटना सामने आई है। दाल मिल रोड स्थित वार्ड क्रमांक 11 की महिला पार्षद विनीता टिंकू राठौर के घर पर अज्ञात बदमाशों ने फायरिंग कर दी। फायरिंग के दौरान दो गोलियां मकान के बाहर लगे कांच में जा लगीं, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। महिला पार्षद ने आरोप लगाया है कि बदमाशों का असली निशाना उनका नाबालिग बेटा था। उन्होंने बताया कि करीब एक माह पूर्व कस्बे में आयोजित मेले के दौरान कुछ लोगों से विवाद हुआ था, उसी रंजिश के चलते इस घटना को अंजाम दिया गया। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। सूचना मिलते ही इंदरगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी। महिला पार्षद ने लालू जाट, अरुण यादव, राजा जाट, अशोक यादव और गोपाल जाट सहित उनके अन्य साथियों पर फायरिंग कराने का आरोप लगाया है। एक आरोपी फायरिंग में घायल फायरिंग की घटना के कुछ ही समय बाद आरोपियों में शामिल दतिया रोड निवासी अशोक यादव (25) के हाथ में गोली लगने से घायल हो गया। घायल युवक ने दावा किया कि वह मूल रूप से ग्राम मलउआ का रहने वाला है और पांच लोगों ने उससे विवाद कर मारपीट की। इसके बाद कट्टे से फायर कर दिया। घायल अशोक यादव को तत्काल इंदरगढ़ अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे दतिया जिला अस्पताल रेफर किया गया। थाना प्रभारी गौरव शर्मा ने बताया कि युवक को गोली लगने की घटना संदिग्ध प्रतीत हो रही है। जिस स्थान पर युवक ने फायरिंग की बात कही है, वहां प्रथम दृष्टया ऐसी कोई घटना घटित होना प्रतीत नहीं हो रहा है। आशंका जताई जा रही है कि, युवक द्वारा क्रॉस केस दर्ज कराने के उद्देश्य से यह कहानी गढ़ी गई हो। पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।


