रायसेन पुलिस ने आगामी त्योहारों के मद्देनजर एक सघन कॉम्बिंग गश्त अभियान चलाया। इस दौरान 57 स्थाई वारंटियों को गिरफ्तार किया गया और 77 गिरफ्तारी वारंटों की तामील की गई। अभियान में 300 से अधिक पुलिस अधिकारी और कर्मचारी शामिल थे। यह अभियान पुलिस अधीक्षक आशुतोष गुप्ता के निर्देन में चलाया गया। समस्त एसडीओपी के थानावार टीमें गठित की गईं। इन टीमों ने स्थाई और फरार वारंटियों की धरपकड़ के साथ-साथ आदतन अपराधियों, गुंडा, जिला बदर बदमाशों और अन्य आपराधिक लोगों की निगरानी की। अभियान का उद्देश्य जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखना और अपराधियों पर नकेल कसना था। कॉम्बिंग गश्त के दौरान पुलिस ने 250 से अधिक हिस्ट्रीशीटर और इनामी बदमाशों की रात में चेकिंग की। उन्हें आपराधिक और असामाजिक गतिविधियों से दूर रहने की सख्त हिदायत दी गई। जिले के राजपत्रित अधिकारियों ने अपने अधीनस्थ थाना प्रभारियों और पुलिस बल के साथ शहर और देहात क्षेत्रों में गश्त की। गश्त से पहले पुलिस बल को अलग-अलग स्थानों पर एकत्रित कर ब्रीफिंग दी गई, जिसके बाद उन्हें विभिन्न क्षेत्रों में रवाना किया गया।


