सतना जिले के नागौद थाना क्षेत्र अंतर्गत डुडही गांव में बुधवार शाम से लापता 13 वर्षीय बच्ची रिया चौधरी का शव गुरुवार देर शाम गांव के ही एक कुएं में मिला है। बच्ची पानी भरने के लिए कुएं पर गई थी, जिसके बाद वापस नहीं लौटी। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कुएं से बाहर निकालकर पंचनामा किया और पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है, जो शुक्रवार को किया जाएगा तथा पुलिस ने मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। डुडही गांव निवासी मुकेश चौधरी की 13 साल की बेटी रिया चौधरी बुधवार शाम करीब 6 बजे गांव के ही कुएं से पानी भरने के लिए घर से निकली थी। जब वह देर रात तक वापस घर नहीं लौटी, तो चिंतित परिजनों ने आसपास और रिश्तेदारों के यहां उसकी तलाश शुरू की। गुरुवार सुबह परिजनों ने दर्ज कराई थी गुमशुदगी काफी खोजने के बाद भी जब बच्ची का कोई सुराग नहीं मिला और उसका कुछ पता नहीं चला, तो परिजनों ने गुरुवार सुबह पोड़ी चौकी पहुंचकर पुलिस को मामले की सूचना दी। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर बच्ची की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी थी। गुरुवार देर शाम कुएं में उतराता दिखा शव गुरुवार देर शाम को गांव के कुछ लोगों ने उसी कुएं में बच्ची का शव पानी में उतराता हुआ देखा, जहां वह पानी भरने गई थी। ग्रामीणों ने तत्काल घटना की सूचना परिजनों और पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पोड़ी चौकी पुलिस ने तुरंत ग्रामीणों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकलवाया और पंचनामा की कार्रवाई पूरी की। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा मौत के कारणों का खुलासा पुलिस ने शव को सुरक्षित रखवा दिया है और शुक्रवार को इसका पोस्टमार्टम किया जाएगा। पुलिस फिलहाल इस पूरे मामले की गंभीरता से जांच में जुटी हुई है। बच्ची की मौत कुएं में गिरने से हुए किसी हादसे के कारण हुई है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है, इसका स्पष्ट खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही हो पाएगा। घटना के बाद से पूरे गांव में शोक का माहौल है।


