शाहजहांपुर में एक सड़क हादसे में बाइक सवार 27 वर्षीय युवक की मौत हो गई। यह हादसा जलालाबाद क्षेत्र में हुआ, जहां एक पिकअप ने बाइक को टक्कर मार दी। मृतक की पहचान जलालाबाद के याकूबपुर निवासी अमन तिवारी के रूप में हुई है। हादसे में अमन का चचेरा भाई सोनू तिवारी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अमन तिवारी बरेली में अपने चचेरे भाई सोनू के साथ एक पुल निर्माण में मजदूरी करता था। करीब ढाई महीने पहले अमन के एक और चचेरे भाई मोनू तिवारी का बीमारी से निधन हो गया था। अमन अपने चचेरे भाई के निधन के बाद पहली होली पर अपने घर लौट रहा था। यह हादसा जलालाबाद क्षेत्र के खाईखेड़ा चौराहा के पास हुआ जो अमन के घर से महज छह किलोमीटर दूर है ।जलालाबाद से कटरा जा रही एक पिकअप ने सामने से बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार दोनों युवक उछलकर दूर जा गिरे। हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। राहगीरों ने घायलों को देखकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भेजा। डॉक्टरों ने अमन तिवारी को मृत घोषित कर दिया, जबकि सोनू तिवारी का इलाज जारी है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा भरकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई है। हादसे की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए। मृतक अमन की मां अनीता तिवारी और बहन मनीषा का रो-रोकर बुरा हाल था। मां अनीता तिवारी रो रोकर कहे रही है कि उन्होंने अमन को पढ़ाई करने के लिए कहा था ताकि वह उनके पास रह सके। स्ट्रेचर पकड़कर मां बोल रही है कि मेरा बेटा कहां चला गया। थाना प्रभारी राजीव तोमर ने बताया कि शव पंचनामा भरने की कार्रवाई की जा रही है। चालक की तलाश की जा रही है।


