रायबरेली में लखनऊ-प्रयागराज राजमार्ग पर बल्दीखेड़ा गांव के पास गुरुवार शाम एक अनियंत्रित कार ने पंचर बना रहे दो लोगों को टक्कर मार दी। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। यह घटना 26 फरवरी को शाम 6:00 बजे के आसपास घटित हुई। मृतक की पहचान कानपुर के अकबरपुर निवासी गिरिजेश कुमार पुत्र पटवारी के रूप में हुई है। घायल व्यक्ति बल्दीखेड़ा निवासी रामफल पुत्र कंधई है, जिसकी हाईवे किनारे परचून और पंचर की दुकान है। घटना के समय गिरिजेश अपनी साइकिल का पंचर बनवाने रामफल की दुकान पर मौजूद था। रायबरेली से लखनऊ की ओर जा रही तेज रफ्तार कार ने दोनों को टक्कर मारी और चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। हालांकि, कार का पीछा कर रहे एक अन्य वाहन चालक ने पुलिस को सूचना दी। स्थानीय पुलिस ने घेराबंदी कर कार को टोल प्लाजा पर रोक लिया, लेकिन चालक वाहन छोड़कर भागने में सफल रहा। घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने एंबुलेंस की मदद से घायलों को बछरावां स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने गिरिजेश को मृत घोषित कर दिया। रामफल की गंभीर हालत को देखते हुए उसे ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर किया गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की विधिक कार्यवाही शुरू कर दी है। मृतक गिरिजेश अपने परिवार के साथ किराए पर रहकर गुब्बारे बेचने का काम करता था। उसके परिवार में पत्नी सुनीता और तीन बच्चे, 9 वर्ष के जुड़वा बेटे राम व श्याम और 1 वर्ष की बेटी लक्ष्मी हैं।


