झांसी : उत्तर प्रदेश के झांसी जनपद के मोंठ थाना क्षेत्र में एक 16-17 वर्षीय किशोरी ने पड़ोसी द्वारा कथित जबरदस्ती की कोशिश से आहत होकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने आरोपी वीरु उर्फ वीरेन्द्र को गिरफ्तार कर लिया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
परिजनों के मुताबिक 23 फरवरी को किशोरी की मां छोटी बेटी के साथ मायके गई थीं, जबकि पिता ट्रक लेकर बाहर थे। 25 फरवरी को उसका सगा और मौसेरा भाई स्कूल गए हुए थे और मौसी खेत पर चली गई थीं। घर में किशोरी अकेली थी। आरोप है कि इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला आरोपी दरवाजे की कुंडी खोलकर घर में घुस आया और जबरदस्ती करने लगा।
फोन पर मौसी को दी जानकारी
किशोरी ने विरोध किया और शोर मचाया। तभी उसका भाई स्कूल से लौट आया। उसने दरवाजा अंदर से बंद देखा और हाथ डालकर कुंडी खोल ली। अंदर पहुंचते ही आरोपी घबरा गया और छत के रास्ते भाग निकला। मौसी के अनुसार, किशोरी ने उन्हें फोन पर घटना की जानकारी दी। 112 पर सूचना देने के बाद पुलिस ने आरोपी को पकड़कर थाने ले जाया।
किशोरी ने खा ली 6 सल्फाश की गोलियां
परिजनों का कहना है कि घटना से सदमे में आई किशोरी ने अगले दिन सुबह करीब 6 बजे सल्फास की गोलियां खा लीं। हालत बिगड़ने पर उसे मोंठ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हाल ही में आरोपी का हुआ था तलाक
मौसी ने बताया कि आरोपी का हाल ही में तलाक हुआ था और वह पड़ोस में ही रहता है। मोंठ थाना प्रभारी राजेश पाल के अनुसार, पीड़िता की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।


