PM मोदी देंगे राजस्थान को बड़ी सौगात, इन परियोजनाओं का करेंगे शिलान्यास और लोकार्पण

PM मोदी देंगे राजस्थान को बड़ी सौगात, इन परियोजनाओं का करेंगे शिलान्यास और लोकार्पण

PM Narendra Modi Ajmer Visit : जयपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को अजमेर आएंगे। इस अवसर पर प्रधानमंत्री 9 से 14 वर्ष तक की बालिकाओं को एचपीवी टीके की खुराक देकर एचपीवी टीकाकरण अभियान की शुरुआत करेंगे। साथ ही, प्रधानमंत्री केंद्र एवं राज्य सरकार की 16 हजार 686 करोड़ रुपए की विभिन्न विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे और जनसभा को संबोधित करेंगे। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा सहित अन्य नेता कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे।

कई विभागों की योजनाओं की करेंगे शुरुआत

प्रधानमंत्री इस कार्यक्रम में शहरी विकास, पेयजल आपूर्ति, सड़क, रेलवे, सिंचाई, ऊर्जा और औद्योगिक बुनियादी ढांचे समेत विभिन्न क्षेत्रों में लगभग 16 हजार 686 करोड़ रुपए की लागत की 43 प्रमुख परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे। इन परियोजनाओं में लगभग 8 हजार 554 करोड़ रुपए की 34 परियोजनाएं राज्य सरकार के विभिन्न विभागों से संबंधित हैं।

इनका होगा लोकार्पण व शिलान्यास

राष्ट्रीय राजमार्ग और ऊर्जा से जुड़ीं करीब 8 हजार 132 करोड़ रुपए की 9 प्रमुख परियोजनाओं का भी लोकार्पण और शिलान्यास किया जाएगा। इन परियोजनाओं में 2 का शिलान्यास और 7 का लोकार्पण होगा। प्रधानमंत्री 4 हजार 516 करोड़ रुपए से अधिक की राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे।

इन परियोजनाओं में लगभग 1 हजार 207 करोड़ रुपए की लागत से बांदीकुई से जयपुर तक 4 लेन का ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे, दिल्ली-वडोदरा एक्सेस कंट्रोल्ड ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे के पैकेज 14 सेक्शन में एनएच 76 जंक्शन से एनएच 12 पर उम्मेदपुरा गांव तक 8 लेन कैरिजवे और प्रदेशभर में राष्ट्रीय राजमार्ग के विस्तार, सुदृढ़ीकरण और चौड़ीकरण के कार्य शामिल हैं।

जयपुर में एलीवेटेड रोड

जयपुर में 286 करोड़ रुपए से अधिक की लागत के सांगानेर फ्लाईओवर से चौरड़िया पेट्रोल पंप होते हुए मालपुरा गेट तक एलीवेटेड रोड, जोधपुर शहर में महामंदिर से अखल्या चौराहे तक 1 हजार 243 करोड़ रुपए की लागत से 4 लेन एलीवेटेड रोड एवं बारां जिले में 322 करोड़ रुपए की अनुमानित लागत के मालबमोरी-मांगरोल-बारां राज्य राजमार्ग का शिलान्यास भी करेंगे।

इनकी रखेंगे आधार शिला

प्रधानमंत्री नोनेरा वृहद् पेयजल परियोजना के 1 हजार 21 करोड़ रुपए से अधिक की लागत के 4 पैकेज और परवन अकावद वृहद् पेयजल परियोजना के 2 हजार 247 करोड़ रुपए की लागत के 5 पैकेजों की आधारशिला रखेंगे। तीन हजार 616 करोड़ रुपए की पारेषण प्रणाली का लोकार्पण करेंगे। साथ ही, 220 केवी के पांच और 400 केवी के दो ग्रिड सब-स्टेशन (जीएसएस) का शिलान्यास भी करेंगे।

नियुक्ति पद भी देंगे

पीएम 21 हजार 863 युवाओं को नियुक्ति पत्र देंगे। नियुक्ति पत्र पाने वाले इन युवाओं में 3 हजार 320 से अधिक पटवारी (राजस्व), 2 हजार 291 संविदा कनिष्ठ तकनीकी सहायक और संविदा लेखा सहायक (ग्रामीण विकास), 2 हजार 590 पशुधन सहायक, 3 हजार 822 सीएचओ, 7 हजार 357 पब्लिक हेल्थ केयर नर्स, मेडिकल लैब तकनीशियन, लैब तकनीशियन, नर्सिंग प्रभारी, नर्सिंग ट्रेनर, नर्स, नर्स ग्रेड-द्वितीय सहित अन्य नियुक्तियां शामिल हैं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *