फिल्म अभिनेता आमिर खान ने कहा कि वह दिग्गज पटकथा लेखक सलीम खान के परिवार के संपर्क में हैं और परिवार के सदस्यों ने उन्हें बताया कि उनकी (सलीम खान की) सेहत में सुधार हो रहा है।
सलीम खान के बेटे सलमान खान के करीबी दोस्त आमिर ने बताया कि वह हाल में 90 वर्षीय लेखक से मिलने लीलावती अस्पताल गए थे लेकिन आईसीयू में भर्ती होने के कारण उनसे मिल नहीं पाए।
आमिर ने बुधवार शाम संवाददाताओं से कहा, “मैं सलीम साहब से मिलने गया था और हम सब उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रहे हैं। चूंकि वह आईसीयू में हैं इसलिए मैं उनसे व्यक्तिगत रूप से नहीं मिल पाया लेकिन मैं परिवार से मिला।’’
उन्होंने कहा, “अलवीरा (सलमान की बहन) मुझे हर रोज बताती हैं कि उनकी (सलीम खान की) सेहत में सुधार हो रहा है। हम सब प्रार्थना कर रहे हैं कि वह जल्द घर लौट आएं और पूरी तरह स्वस्थ हो जाएं।”
सलीम खान को जावेद अख्तर के साथ उनकी मशहूर लेखक जोड़ी के लिए जाना जाता है।
सलीम-जावेद के नाम से मशहूर इस जोड़ी ने हिंदी सिनेमा की कुछ सबसे लोकप्रिय फिल्मों की पटकथा लिखी, जिनमें ‘शोले’, ‘दीवार’, ‘जंजीर’ और ‘डॉन’ शामिल हैं।
सलीम खान को मंगलवार को बांद्रा के लीलावती अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया था।
सलीम खान का इलाज कर रहे चिकित्सकों के समूह में शामिल डॉ. जलील डी पारकर ने पिछले सप्ताह बताया कि सलीम खान को मस्तिष्क में रक्तस्राव हुआ था, जिसका इलाज किया जा चुका है और एहतियात के तौर पर उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया है और उनकी हालत स्थिर है।
उसके बाद से चिकित्सकों ने परिवार की निजता बनाए रखने के लिए सलीम खान के स्वास्थ्य के बारे में कोई बयान देने से परहेज किया है।


