स्वच्छ भारत मिशन शहर के लिए राजस्थान सरकार द्वारा नियुक्त स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर के.के. गुप्ता आज नागौर जिले के दौरे पर रहे। केके गुप्ता ने नागौर नगरपरिषद सभागार में जिले के समस्त शहरी निकायों, जल जीवन मिशन और सीवरेज प्रोजेक्ट से संबंधित अधिकारियों बैठक ली। नगर परिषद द्वारा आयोजित बैठक में गुप्ता ने सार्वजनिक शौचालयों की सफाई व्यवस्था पर जोर दिया। उन्होंने नागौर के सामुदायिक शौचालयों की वर्तमान स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि इनकी सफाई ऐसी होनी चाहिए कि महिलाएं और घर के सदस्य बिना किसी हिचकिचाहट के इनका उपयोग कर सकें।
उन्होंने कहा कि शौचालयों की सफाई का परीक्षण करने का सबसे अच्छा तरीका यह है कि क्या वे सुरक्षित और स्वच्छ हैं। कई स्थानों पर शौचालयों की स्थिति इतनी खराब है कि वहां कुछ मिनट भी रुकना कठिन हो जाता है और व्यक्ति बेहोश हो सकता है। उन्होंने इस बात पर बल दिया कि शौचालयों की सफाई की जिम्मेदारी संबंधित निकायों की है जिसके लिए पैसा भी खर्च किया जाता है। उन्होंने बिजली, पानी और सफाई की समुचित व्यवस्था की आवश्यकता जताई। अपने अनुभवों को साझा करते हुए गुप्ता ने बताया कि उन्होंने शौचालयों को मंदिरों की तरह माना और उनमें एयर कंडीशनर तक लगवाए। हालांकि कुछ लोगों ने इस कदम का विरोध किया और सवाल उठाए, लेकिन उन्होंने स्पष्ट किया कि वे अपने काम के प्रति गंभीर हैं। उन्होंने कहा कि आज उनके द्वारा बनवाए गए शौचालयों में लोग सफाई और ठंडी हवा के कारण काफी समय बिताते हैं और वे स्वयं भी वहां की स्वच्छता से संतुष्ट रहते हैं। गुप्ता ने शौचालयों को पूरी तरह से आधुनिक, स्वच्छ और सुविधाजनक बनाने की वकालत की।


