कोटा में नगर निगम के गाय पकड़ने वाली टीम की लापरवाही के चलते एक सरकारी स्कूल में गौवंश घुस गए। जिससे वहां हड़कंप मच गया। सरकारी स्कूल प्रशासन का दावा है कि निगम कर्मचारियों ने जानबूझकर स्कूल में गोवंशों को घुसा दिया। जबकि निगम का दावा है कि स्कूल का गेट खुला हुआ था ऐसे में गाय पकड़ने के दौरान वह स्कूल के अंदर जा घुसी। मामला सकतपुरा स्थित राजकीय बालिका स्कूल का है।स्कूल टीचर रश्मि जैन ने बताया कि गुरुवार सुबह करीब 11 बजे स्कूल परिसर में अचानक से कई गाय एक साथ अन्दर पहुंच गई। टीचर्स ने आरोप लगाया कि नगर निगम के कर्मचारी तीन-चार गाड़ियों में इन गोवंशों को पड़कर लाए थे और स्कूल मैदान के गेट पर ताला लगा हुआ था, उस ताले को तोड़कर गौवंश को स्कूल परिसर में घुसा दिया। गाय दौड़ती हुई क्लास रूम भवन की तरफ आ गई। जिससे यहां हड़कंप मच गया। जैसे तैसे कर दूसरे गेट से बच्चों को बाहर निकाला गया। टीचर्स ने निगम अधिकारियों से कार्य वाही की मांग की है। वहीं दूसरी तरफ नगर निगम की गौशाला समिति के अध्यक्ष रहे जितेंद्र सिंह ने बताया कि कर्मचारियों ने कोई जान बूझकर गौवंश को स्कूल में नहीं घुसाया। टीम गौवंश को पकड़ रही थी। गौवंश को घेरकर गाड़ियों तक लेकर आ रहे थे। इस दौरान स्कूल मैदान का गेट खुला था, जिसमें गौवंश घुस गए थे। कर्मचारियों ने स्कूल में पहुंचकर गौवंशो को घेरा और उन्हें पकड़ा। हां , गाय अंदर जाने से हड़कंप की स्थिति बन गई थी। लेकिन उन्हें पकड़ लिया गया था। अब स्थानीय पशुपालक विरोध कर रहे थे, उन्होंने ही हंगामा करवाया था।


