राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज जमशेदपुर आ रही हैं। यहां वह दो अलग-अलग कार्यक्रम में शमिल होंगी। उनका पहला कार्यक्रम कदमा मरीन ड्राइव स्थित श्री जगन्नाथआध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक धर्मार्थ केंद्र ट्रस्टके भूमि पूजन का है। वह इसमें शामिल होंगी। इसके बाद टाटा मणिपाल मेडिकल कॉलेज जाएंगी। यहां कार्यक्रम की शुरुआत विभिन्न सत्रों में टॉप करने वाले छात्रों के साथ फोटो सेशन से होगी। इसके बाद राष्ट्रपति मेधावी छात्रों से संवाद करेंगी, जिसे कॉलेज प्रशासन परिचय सम्मेलन के रूप में देख रहा है। राष्ट्रपति कॉलेज परिसर का निरीक्षण भी करेंगी और पौधारोपण कार्यक्रम में शामिल होंगी। कॉलेज प्रबंधन की दीर्घकालिक योजना है कि परिसर में “द्रौपदी मुर्मू स्पोर्ट्स एंड फूड कॉम्प्लेक्स” विकसित किया जाए। इस कार्यक्रम में केवल 200 लोगों को हीशामिल होने की अनुमति दी गई है। दोपहर 12 बजे सोनारी एयरपोर्ट पहुंचेंगी राष्ट्रपति तय कार्यक्रम के अनुसार, राष्ट्रपति का एमआई-17 हेलीकॉप्टर दोपहर 12 बजे सोनारी एयरपोर्ट पर उतरेगा। इसके बाद वे भूमि पूजन में शामिल होंगी। यहां से निकल कर वे बारीडीह स्थित टाटा मणिपाल मेडिकल कॉलेज में आयोजित समारोह में शामिल होंगी। इस कार्यक्रम में राज्यपाल संतोष गंगवार, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, सिंहभूम की सांसद जोबा मांझी, जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो, विधायक सरयू राय, विधायक पूर्णिमा साहू और टीवी नरेंद्रन मौजूद रहेंगे। उनके शहर आने को लेकर प्रशासन ने अभूतपूर्व सुरक्षा तैयारियां की है। पूरे मार्ग और कार्यक्रम स्थलों को 5 जोन और 14 सेक्टर में विभाजित किया गया है। शहर के कार्यक्रमों में शामिल होने के बाद वे रांची लौटकर जैसलमेर के लिए रवाना होंगी। 4 हजार पुलिसकर्मियों और 125 दंडाधिकारियों की तैनाती राष्ट्रपति के आगमन को ध्यान में रखते हुए लगभग 4 हजार पुलिसकर्मियों और 125 दंडाधिकारियों की तैनाती शहर के विभिन्न स्थलों और काफिले मार्ग पर की गई है। प्रशासनिक स्तर पर सुरक्षा व्यवस्था को पूर्ण रूप से तैयार माना जा रहा है। प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को अभूतपूर्व स्तरतक कड़ा कर दिया है। कारकेड में शामिलसभी वाहनों की विस्तृत जांच कर उन्हें गोलमुरीपुलिस लाइन में सुरक्षित किया गया है। सुरक्षा की सबसे अहम कड़ी तीन हिट टीम हैं। इन्हें संभावित खतरे की स्थिति में तुरंत कार्रवाई के लिए तैनात किया जाएगा। इनमें से एक टीम सोनारी एयरपोर्ट, दूसरी कदमा थाना और तीसरी सिदगोड़ा थाना में मौजूद रहेगी। इन टीमों में ऐसे जवान शामिल हैं जिनकी विशेष ट्रेनिंग और अचूक निशानेबाजी उन्हें किसी भी आपात स्थिति में तत्काल प्रतिक्रिया देने योग्य बनाती है। राष्ट्रपति का काफिला जिस मार्ग से गुजरेगा, उस रूट पर 24 भवनों को चिह्नित किया गया है। प्रत्येक भवन की छत परपुलिस बल तैनात किया जाएगा। सीसीटीवी और ड्रोन से होगी राष्ट्रपति की सुरक्षा राष्ट्रपति की सुरक्षा में सीसीटीवी व ड्रोन कैमरा की भी सहायता ली जाएगी। दूरबीन से लैस पुलिस के जवानों को भी प्रतिनियुक्त की गई है। रैपिड एक्शन पुलिस की टीम कदमा व बारीडीह आयोजन स्थल के अलावा मानगो बस स्टैंड के समीप तैनात की जाएगी। कार्यक्रम में शामिल होने वालों खाने-पीने की वस्तु, पानी का बोतल, टिफिन, बैगेज, इलेक्ट्रिकल उपकरण व मोबाइल अंदर नहीं ले जा सकते हैं।


