सहारनपुर में बाइक टक्कर में युवक की मौत:तरावीह की नमाज से लौटते समय हुआ हादसा, परिजनों में मचा कोहराम

सहारनपुर में बाइक टक्कर में युवक की मौत:तरावीह की नमाज से लौटते समय हुआ हादसा, परिजनों में मचा कोहराम

सहारनपुर के मंडी थाना क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में 19 वर्षीय युवक नवाज की उपचार के दौरान मौत हो गई। वह तरावीह की नमाज पढ़कर दोस्त के साथ बाइक से लौट रहा था। इस हादसे में कुल चार युवक घायल हुए थे। जिनमे तीन की हालत स्थिर है। यह घटना निर्यात निगम चौकी से लगभग 10 कदम की दूरी पर हुई, जहां दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई थी। नवाज की हालत गंभीर होने के कारण उसे हायर सेंटर रेफर किया गया था, लेकिन इलाज के दौरान उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। मृतक नवाज, मोहम्मद शाहनवाज का पुत्र था और कपड़ों की दुकान पर मजदूरी करता था। उसके पिता भी मजदूर हैं। नवाज अपनी पांच बहनों से छोटा जबकि तीन भाईयों में बड़ा था। पिता शाहनवाज के अनुसार, पांच बेटियों के बाद मन्नतों से नवाज का जन्म हुआ था। वह कम उम्र से ही बहनों की शादी में मदद करने के लिए काम करने लगा था। मंगलवार रात हादसे के समय वह तरावीह की नमाज पढ़कर लौट रहा था। नमाज के बाद सड़क पर लोगों की आवाजाही अधिक थी। टक्कर होते ही मौके पर भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। मोहल्ले के दो नाबालिग बच्चों ने नवाज की पहचान कर उसके परिजनों को सूचना दी। परिजनों ने आरोप लगाया है कि हादसा पुलिस चौकी से मात्र 10 कदम दूर हुआ, फिर भी पुलिस ने गंभीर रूप से घायल नवाज को अस्पताल नहीं पहुंचाया। राहगीरों ने उसे रिक्शा से अस्पताल पहुंचाया। पिता का कहना है, यदि समय रहते उनके बेटे को उपचार मिल जाता तो उसकी जान बच सकती थी। परिजनों का यह भी कहना है कि मंडी रोड पर अवैध रूप से भारी वाहन चलते हैं, जिन पर पुलिस कोई कार्रवाई नहीं करती। उन्होंने आशंका जताई कि यह हादसा सामने से आ रहे किसी ट्रक से उलझने के कारण हुआ होगा। परिजनों ने नवाज के शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। बुधवार को बिना किसी कानूनी कार्रवाई के शव को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया। जवान मौत से मोहल्ले में गम और मातम का माहौल है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *