पंजाब के लुधियाना में व्हाट्सऐप कॉल और वॉइस मैसेज के जरिए रंगदारी मांगने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा। इस बार मॉडल टाउन निवासी कारोबारी और भाजपा कार्यकर्ता गुरबीर सिंह गरचा को कुख्यात गैंगस्टर गोल्डी बराड़ के नाम पर 5 करोड़ रुपए की फिरौती मांगते हुए जान से मारने की धमकी दी गई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वॉइस मैसेज से शुरू हुआ खेल शिकायतकर्ता गुरबीर सिंह गरचा, जो प्रॉपर्टी कारोबारी हैं और एक फिलिंग स्टेशन के मालिक भी हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि 18 फरवरी को एक विदेशी नंबर से उन्हें वॉइस मैसेज मिला। मैसेज भेजने वाले ने खुद को गोल्डी बराड़ बताया और 5 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगी। मैसेज में कहा गया कि उसके पास गरचा की पूरी जानकारी है और दो दिन में रकम नहीं दी तो गंभीर अंजाम भुगतने होंगे। गरचा ने बताया कि इसके बाद कई कॉल आईं, जिन्हें उन्होंने जानबूझकर नजरअंदाज किया। “कॉल इग्नोर कर रहे हो, गोलियां कैसे इग्नोर करोगे?” 22 फरवरी को व्हाट्सऐप पर एक और धमकी भरा मैसेज आया, जिसमें लिखा था-“You are ignoring the calls, how would you ignore the bullets.” “You are in delusion that the police could save you. Now you will not get a call, see you soon.” इन संदेशों के बाद परिवार दहशत में है। पहले भी मिलती रही धमकियां गरचा ने बताया कि उन्हें लंबे समय से धमकी भरे कॉल मिल रहे हैं। उन्होंने इस मामले की जानकारी वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों, यहां तक कि एडीजीपी (सिक्योरिटी) को भी दी है। उन्होंने सुरक्षा की मांग को लेकर पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट में रिट याचिका भी दायर की हुई है, जिस पर अभी सुनवाई चल रही है। पुलिस ने दर्ज की FIR मॉडल टाउन थाना प्रभारी इंस्पेक्टर जसविंदर सिंह ने मीडिया को बताया कि आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 308(2) और 351(2) के तहत केस दर्ज किया गया है। मामले की जांच जारी है और विदेशी नंबर की तकनीकी जांच की जा रही है। शहर में रंगदारी कॉल का ट्रेंड 30 जनवरी गुरु नानक कॉलोनी के एक फर्नीचर कारोबारी को व्हाट्सऐप कॉल कर 2 करोड़ रुपए मांगे गए। कॉलर ने खुद को गैंगस्टर डोनी बाल बताया। 14 फरवरी लादियां खुर्द निवासी नवजोत सिंह, जो अमृत इंडो-कैनेडियन एकेडमी स्कूल के संचालक हैं, ने शिकायत दी कि उनके पिता को अंतरराष्ट्रीय नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को फरार गैंगस्टर डोनी बाल बताया। पुलिस ने मामला दर्ज किया। 13 फरवरी अयाली कलां के बाबा नंद सिंह नगर निवासी 43 वर्षीय व्यक्ति को अज्ञात कॉलर ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा बताते हुए 1 करोड़ रुपए की मांग की। पैसे न देने पर परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई। पुलिस इन मामलों में तकनीकी जांच और साइबर ट्रैकिंग के जरिए तह तक पहुंचने की कोशिश कर रही है, लेकिन लगातार मिल रही धमकियों से शहर के कारोबारी वर्ग में दहशत का माहौल है।


