भैरूंदा| दिव्यांग बच्चों की जल्दी पहचान के लिए विशेष स्क्रीनिंग शिविर गुरुवार को सुबह 10 बजे से जनपद पंचायत भैरूंदा परिसर में लगेगा। पात्र बच्चों को मौके पर ही दिव्यांगता प्रमाण पत्र जारी किए जाएंगे। इसके लिए सभी सरपंच, सचिव, ग्राम रोजगार सहायकों को निर्देश दिए गए हैं। उन्हें अपने-अपने ग्राम पंचायत क्षेत्र में जन्म से 18 वर्ष तक के दिव्यांग बच्चों की पहचान करनी है। बच्चों को अनिवार्य रूप से शिविर में लाना है। शिविर में चिन्हित बच्चों की जांच जिला मेडिकल बोर्ड के विशेषज्ञ डॉक्टर करेंगे। पात्र पाए जाने पर प्रमाण पत्र वहीं जारी होगा। शिविर में अस्थि रोग विशेषज्ञ, नेत्र रोग विशेषज्ञ, ईएनटी विशेषज्ञ, मनोरोग विशेषज्ञ, मेडिसिन विशेषज्ञ मौजूद रहेंगे। ये डॉक्टर दिव्यांगता का आकलन करेंगे। निर्देशों के अनुसार शिविर में वही बच्चे लाए जाएं, जिनका दिव्यांग प्रमाण पत्र अभी नहीं बना है। जिनके प्रमाण पत्र की तय अवधि खत्म हो चुकी है, उनका नवीनीकरण भी होगा।


